लड़की मॉडर्न न होने पर MBA युवक ने तोड़ा रिश्ता, पंचायत ने लगाया डेढ़ लाख का जुर्माना

3/24/2017 5:11:52 PM

पानीपत:ये तो सुना था कि शादी करने से पहले बहुत सी बातों का ख्याल रखना पड़ता है। परन्तु ये कभी सुनने में नहीं आया कि लड़की मॉडर्न हो, वर्ना शादी नहीं होगी। कुछ एेसा ही हरियाणा के बापौली ब्लॉक के एक गांव में देखने को मिला, जहां युवक ने युवती से मॉडर्न न होने की बात कहकर विवाह करने से मना कर दिया। हैरानी की बात तो यह है कि युवक कोई अनपढ़ नहीं, बल्कि एम.बी.ए. पास है।

6 महीने पहले हुआ था रिश्ता तय
कैथल के एक गांव की युवती का यहां 6 माह पहले रिश्ता तय हुआ था। बेटी को अच्छा घर मिलेगा ये सोचकर पिता ने रिश्ता तय करने के दौरान की जाने वाली रस्मों पर अच्छी खासी राशि खर्च की थी। इसके बाद लड़का-लड़की ने आपसी बातचीत करके एक-दूसरे के विचारों को भी जाना। अब 6 माह बाद लड़के ने लड़की को मॉडर्न न होने की बात कहकर रिश्ता करने से इनकार कर दिया।

पंचायत ने लड़का पक्ष को लगाया जुर्माना 
गुरुवार को लड़की पक्ष के लोग गांव के मौजिज लोगों और रिश्तेदारों को लेकर लड़के पक्ष के गांव पहुंचे। वहां पंचायत बुलाई गई। कई घंटे चली पंचायत में लड़का पक्ष की गलती सामने आई। बेटी का रिश्ता टूटने से परेशान पिता पंचायत में कई बार रो पड़ा। भरी पंचायत में निर्णय लिया गया कि लड़के पक्ष पर 1.51 लाख रुपए का जुर्माना लगाया जाए। जुर्माना राशि गोशाला में दान करके वर पक्ष ने माफी मांगी। इसके बाद दोनों पक्षों ने रस्मों में एक-दूसरे को दिए गए जेवर और अन्य समान भी वापस कर दिए।