शादी को राजी न हुए माता-पिता तो एक साथ दे दी जान, लिखा दर्दभरा नोट

1/20/2017 3:49:42 PM

नारनौंद (श्यामसुंदर): वार्ड नंबर-1 में रहने वाले अंतर्जातीय नाबालिग प्रेमी जोड़े ने सुसाइड कर लिया। दोनों के शव लड़की के घर में फंदे से लटके मिले। 
1.परिजनों द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक लड़का 12वीं कक्षा का छात्र था, जबकि लड़की 11वीं कक्षा में पढ़ती थी। गुरुवार को लड़की के घर में बने तूड़ी के कमरे से दोनों के शव लटके मिले। शव के पास से एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है।
2.घटना के बाद लड़के के परिजनों ने तो अंतिम संस्कार कर दिया था लेकिन लड़की के परिजन दाह संस्कार करने जा रहे थे। तभी वहां पुलिस पहुंच गई और संस्कार से पहले ही शव नीचे उतार दिया। 
3.पुलिस को लड़की के मामा ने सूचित किया था कि उसकी बहन के घर दोनों लड़का-लड़की को मारकर लटकाया गया है। इसके बाद हरकत में आई पुलिस ने शव का संस्कार रुकवा दिया और शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा गया। 

मरने से पहले प्रेमी जोड़ा ने लिखा सुसाइज नोट
सुसाइड नोट में उन्होंने लिखा कि हैलो डियर, मैं (लड़का) और (लड़की) आज एक बहुत बड़ा फैसला लेने जा रहे हैं। मैं (लड़का) जोकि (लड़की) से प्यार करता हूं। हम दोनों एक दूसरे के बिना जिंदा नहीं रह सकते और हम दोनों के परिवार सात जन्मों तक भी हमारी शादी नहीं करेंगे। इसलिए हमें एक साथ जीने नहीं तो मरने तो दे सकते हैं। आज हम दोनों एक दूसरे के साथ मरने जा रहे हैं। हमारा प्यार हमेशा अमर रहेगा और इसलिए हम दोनों आत्महत्या कर रहे हैं। 

थाना प्रभारी शेर सिंह ने बताया कि लड़की के परिजनों से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर लड़की के अंतिम संस्कार को रोक कर पहले उसका पोस्टमार्टम करवाया। बाद में लड़की का शव उसके परिजनों के सुपुर्द किया गया जिसके बाद उसका अंतिम संस्कार किया गया। पुलिस ने किसी भी पक्ष से शिकायत नहीं मिलने पर फिलहाल लड़की की मां के बयान पर इत्तफाकिया कार्रवाई की है।