मिस वर्ल्ड आज जा रही हांगकांग, एक हफ्ते की लंदन ट्रिप के बाद लौटेगी भारत

11/20/2017 3:10:08 PM

रोहतक(ब्यूरो): 17 साल बाद भारत को मिस वर्ल्ड का ताज दिलाने वाली मानुषी आज हांगकांग जा रही है। जिसके बाद मानुषी एक हफ्ते के लिए लंदन ट्रिप पर रहेगी अौर उसके बाद भारत लौटेगी। मिस वर्ल्ड मानुषी ने रोहतक में रहने वाली अपनी बड़ी मम्मा यानी नानी सावित्री सहरावत से फोन और वॉट्सऐप पर बात की। इस दौरान मिस वर्ल्ड ने फोन पर अपनी नानी को बताया कि अभी तक उनको भरोसा नहीं हो रहा है कि वह मिस वर्ल्ड का खिताब जीत चुकी है। मानुषी ने कहा कि उसे अपने देश का नाम पूरे विश्व में रोशन करने की बेहद खुशी है। आखिर वो अपनी मिट्टी का कुछ तो कर्ज चुका पाई है। 

रविवार को इंडिया के समय के अनुसार करीब सुबह 11:30 बजे से दोपहर 12 बजे के दौरान मानुषी ने अपने परिजनों से बात की। लंदन की पैकिंग करने के लिए उन्हें थोड़ा समय दिया गया। इसी दौरान मानुषी ने अपनी नानी-नाना और मौसी-मामा से बातचीत की। उनसे हालचाल जाना कि रोहतक में क्या चल रहा है। नाना चंद्र सिंह सहरावत ने बताया कि बेटा मानुषी तुमने अपने साथ हमें भी सेलिब्रिटी बना दिया है। दिनभर मीडिया वालों के सवालों का जवाब देते रहते हैं। अपने साथ हमें भी तूने बिजी कर दिया है।

मौसी नीना सहरावत ने बताया कि उनकी बड़ी बहन डॉ. नीलम छिल्लर अपने पूरे परिवार के साथ 22 नवंबर को दिल्ली वाले घर पर लौट रही हैं। वे भी मानुषी के साथ चीन गई हुई थी। मानुषी अभी एक सप्ताह के लिए लंदन में बिजी है। वह एक कांट्रैक्ट के लिए वहां पर गई है। मामा संदीप सहरावत ने बताया कि चीन के सनाया में नेटवर्क प्रॉब्लम के चलते बार-बार फोन कट रहा था इसलिए वॉट्सऐप पर ही बात हुई है।