हरियाणा में भाजपा चलाएगी मोदी मैजिक, मोदी-शाह-नड्डा की तिकड़ी करेगी ताबड़तोड़ रैलियां

10/6/2019 10:20:55 PM

चंडीगढ़(ब्यूरो): हरियाणा विधान सभा चुनावों में भाजपा के प्रचार प्रसार के लिए पार्टी के बड़े-बड़े दिग्गजों की रैलियां निर्धारित की गई हैं। इन दिग्गजों में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सहित पार्टी अन्य नेता प्रचार करने हरियाणा आएंगे। पीएम मोदी अपना जादू चलाने के लिए हरियाणा में चार जगह रैली करेंगे, ये रैलियां 14 अक्तूबर को  बल्लभगढ़ 15 को कुरुक्षेत्र और दादरी में 18 को हिसार में आयोजित रैली को सम्बोधित करेंगे।

बता दें कि हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिए मोदी, शाह और नड्डा की जोड़ी पूरे हरियाणा को मथने का काम करेगी। रविवार शाम को भारतीय जनता पार्टी ने दिग्गज स्टार प्रचारकों का शेयडूल जारी कर दिया। जिसके तहत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी प्रदेश में चार रैलियां करेंगे। पहली रैली 14 अक्तूबर को बल्लभगढ, दूसरी—तीसरी रैली 15 अक्तूबर को दादरी व दोपहर बाद थानेसर में होगी। जबकि चौथी रैली 18 अक्तूबर को हिसार में होगी।

पीएम की चारों रैलियों के माध्यम से पार्टी सभी 90 विधानसभा सीटों को कवर करेगी। जबकि देश के गृहमंत्री व भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह दो दिन हरियाणा में आएंगे। उनका पहला दौरा 9 अक्तूबर को होगा, जिसमें उस दिन वे कैथल में पुंडरी, गुहला—चीका और कैथल विधानसभाओं की एक संयुक्त रैली होगी। उसी दोपहर को बरवाला में हांसी, बरवाला और उकलाना विधानसभा की संयुक्त रैली होगी। जबकि दोपहर बाद लोहारू में तोशाम, बाढडा और लोहारू की संयुक्त रैली होगी। 

शाम 3 बजे राष्ट्रीय अध्यक्ष महम पहुंचेंगे। जहां महम, कलानौर और गढी—सांपला कलोई विधानसभा की संयुक्त रैली होगी। इसके बाद भाजपा अध्यक्ष 14 अक्तूबर को दोबारा हरियाणा आएंगे। उस दिन टोहाना में रतिया, टोहाना और नरवाना विधानसभा की संयुक्त रैली होगी। जबकि दोपहर एक बजे पंचकूला में कालका और पंचकूला विधानसभा की संयुक्त रैली होगी। इसके बाद ढाई बजे वे करनाल पहुंचेंगे। जहां वे करनाल, इंद्री, असंध और नीलोखेडी विधानसभाओं को कवर करते हुए रैली करेंगे।

शाम 4 बजे वे बादशाहपुर पहुंचेंगे। जहां गुरूग्राम, बादशाहपुर, पटौदी और बादली विधानसभा के कार्यकर्ताओं को संयुक्त रूप से संबोधित करेंगे। इसीतरह भाजपा के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष जेपी नड्डा 11 अक्तूबर हरियाणा आएंगे। उस दिन वे चार रैलियों को संबोधित करेंगे। पहली रैली सुबह 11 बजे डबवाली, 12.45 बजे रनियां, 1.55 बजे कालावांली और अंतिम रैली 4.05 बजे पटौदी में होगी। 

इसके अलावा बीजेपी ने अपने फायर ब्रांड नेता योगी आदित्यनाथ को 11 अक्तूबर को बुलाया है। उस दिन योगी कालका, नारायणढ, जुलाना और सोनीपत में गरजेंगे। निर्धारित शेयडूल के मुताबिक केंद्रीय राज्य मंत्री अनुराग ठाकुर 14 अक्तूबर को शाहबाद और थानेसर विधानसभा में जनसभाओं को संबोधित करेंगे। इसके अलावा भाजपा ने महिला राष्ट्रीय अध्यक्ष विजय रहाटकर भी 12—13 अक्तूबर को हरियाणा में रहेंगी। वे दादरी व आदमपुर विधानसभा में महिला सम्मेलन को संबोधित करेंगी। जबकि राष्ट्रीय संगठन मंत्री बीएल संतोष 9 अक्तूबर को संगठनात्मक कार्यकर्ताओं से मिलकर चुनाव जीतने का मंत्र देंगे।

Shivam