पंचकूला हिंसा मामलाः MSG कंपनी का CEO 6 नवंबर तक न्यायिक हिरासत में

10/24/2017 4:59:07 PM

पंचकूला(उमंग श्योराण): पंचकूला SIT ने दंगा आरोप मामले में MSG कंपनी के CEO सीपी अरोड़ा को आज कोर्ट में पेश किया। जहां से कोर्ट ने आरोपी को 6 नवंबर तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। आरोपी अरोड़ा सिरसा का रहने वाला है। पुलिस ने अरोड़ा को गुरुग्राम से गिरफ्तार किया था। उस पर पंचकूला में हुई हिंसा में शामिल होने का आरोप है। इससे पहले पुलिस ने उसे कोर्ट में पेश कर 6 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया था। 

पुलिस की पूछताछ में सी.पी. अरोड़ा ने खुलासा किया था कि आदित्य इंसां 17 अगस्त को सिरसा डेरे में आयोजित उस विवादित बैठक में शामिल हुआ था, जिसमें दंगों की साजिश रची गई थी। उल्लेखनीय है कि 25 अगस्त को राम रहीम के दोषी करार होने के बाद डेरा समर्थकों ने पंचकूला में आगजनी अौर तोड़फोड़ की थी। पंचकूला हिंसा में करीब 40 लोगों की मौत अौर कई लोग घायल हुए थे।