राष्ट्रीय कुश्ती में दम दिखाएंगे सुशील अौर साक्षी, पहलवानों को करेंगे चित्त

11/17/2017 11:17:18 AM

इंदौर(ब्यूरो): राष्ट्रीय कुश्ती चैंपियनशिप में आज शुक्रवार को पुरुष अौर महिला वर्ग में फ्रीस्टाइल मुकाबले होंगे। आज के मुख्य मुकाबले में 74 किग्रा. में सुशील कुमार अौर महिलाअों के 62 किग्रा वर्ग में साक्षी मलिक की कुश्तियां मुख्य आकर्षण होगी। 8 साल बाद सीनियर नेशनल कुश्ती चैंपियनशिप में हिस्सा ले रहे अोलिंपियन पहलवान सुशील कुमार जब बुधवार की रात इंदौर आए तो उनका वजन 75 किलो 800 ग्राम था। वे फ्रीस्टाइल कैटेगरी के 74 किलोग्राम भार वर्ग में भाग ले रहे हैं। गुरुवार की शाम उनका वजन होना था अौर उन्हें 74 किग्रा. वर्ग में हिस्सा लेने के लिए करीब 2 किलो वजन कम करना था। 

सुशील ने कम किया 2 किलो. वजन
सुशील सुबह 9:30 बजे मल्हाराश्रम स्थित साई सेंटर पहुंचे। अगले तीन घंटे उन्होंने जमकर वर्जिश की अोर 125 किलोग्राम कैटेगरी में भाग लेने वाीले एयरफोर्य के पहलवान सतिंदर मलिक के साथ खूब कुश्ती लड़ी। इसके बाद जब उन्होंने वजन किया तब 73.7 किलो निकला। सुशील ने 3 घंटे की वर्जिश में 2 किलो वजन कम कर लिया। सुशील को आज शुक्रवार को मुकाबले में उतरना है। 

8 साल तक चैंपियनशिप से दूर रहने का नहीं दिया सीधा जवाब
अभ्यास के बाद सुशील ने बताया कि कई बार पहलवानों को 4 से 5 किलो तक वजन कम करना होता है। इसके लिए 3-4 दिन तक कड़ी मेहनत करनी होती है। सुशील फिर शाम तक बिना खाए रहे। लिक्विड भी इतनी ही ली जितने से गला तर हो सके। सुशील कुमार से जब पूछा गया कि वे आठ साल तक नेशनल चैंपियनशिप से दूर क्यों रहे। इस पर उन्होंने कोई सीधा जवाब नहीं दिया। बस इतना कहा कि इस बीच वे नेशनल खेलने का मन नहीं बना पा रहे थे इसलिए अब तक नेशनल से दूर थे।