NHM कर्मियों की हड़ताल पर विभाग सख्त, विज ने दिए नई भर्ती के आदेश

12/11/2017 5:20:45 PM

चंडीगढ़(चंद्रशेखर धरणी): अपनी मांगों के लेकर 6-7 दिन से हड़ताल पर चल रहे NHM कर्मचारियों को लेकर सरकार सख्त हो गई है। स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने उच्च अधिकारियों के साथ बैठक करके स्वास्थ्य विभाग में नए कर्मचारियों की भर्ती के आदेश दिए हैं। इसके साथ ही सभी जिलों के उपायुक्तों को सरकारी अस्पतालों के दो किलोमीटर के दायरे में धारा 144 लागू करने के आदेश भी दिए। अनिल विज ने स्वास्थ्य विभाग के प्रधान, सचिव अौर NHM के डायरेक्टर के साथ बात करने के बाद ये आदेश जारी किए हैं। 

स्वास्थ्य मंत्री ने सभी एनएचएम कर्मियों को काम पर लौटने के आदेश दिए थे लेकिन कर्मचारियों ने किसी की एक न सुनते हुए हड़ताल जारी रखी। जिसके चलते स्वास्थ्य विभाग ने करीब 10 हजार कर्मचारियों को बर्खास्त भी किया। वहीं अब विज ने सख्त रूख अपनाते हुए नई भर्तियों के आदेश दिए हैं। 

NHM कर्मचारी अपनी मांगों को लेकर कर्मचारी लगातार हड़ताल पर चल रहे हैं। उनका आरोप है कि, सरकार उनकी लंबित मांगों को पूरा नहीं कर रही है, जिसमें वेतन विसंगतियां व कच्चे कर्मचारियों को पक्का करने आदि मांगे शामिल हैं। कर्मचारियों की हड़ताल से स्वास्थ्य सेवाओं की व्यवस्था बिगड़ती जा रही है। हालांकि स्वास्थ्य मंत्री ने हड़ताल पर चल रहे कुछ कर्मचारियों को पदमुक्त भी कर दिया था। स्वास्थ्य मंत्री का कहना था कि, केवल जायज मांगों को ही पूरा किया जाएगा, हड़ताल करने से उन्हें कोई फर्क नहीं पड़ने वाला है। हड़ताल का सबसे अधिक असर डिस्पेंसरी व प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर देखने को मिला। वहीं हड़ताल के चलते कर्मचारियों ने एमरजेंसी सुविधाएं भी बंद कर दी थी।