अब ATM भी करेगा मतदान के लिए जागरूक

9/10/2017 12:09:06 AM

गुडग़ांव: निगम चुनाव में ज्यादा से ज्यादा लोगों से मतदान करवाने की कवायद के तहत लोगों को ए.टी.एम. के जरिए भी जागरूक किया जाएगा। ए.टी.एम. में कैश निकालने जाने वाले लोगों को सबसे पहले स्क्रीन पर 24 सितम्बर को मतदान में भाग लेने के बारे में जागरूक किया जाएगा।


इसके लिए प्रशासन की ओर से बैंकों व ए.टी.एम. संचालित करने वाली कम्पनियों से बातचीत की जा रही है। इसी के साथ ही स्क्रीन के लिए मैसेज भी तैयार करवाया जा रहा है। इसके अलावा चुनाव में मोबाइल एप के जरिए वोटर अपने वार्ड के बूथ का पता लगा सकेंगे। वोटर आई.डी. नंबर, नाम व एरिया की जानकारी देने पर एप बताएगा कि वोटर का बूथ नंबर और उसका पता क्या है। जिला प्रशासन के आधिकारिक सूत्रों की मानें तो अगले सप्ताह तक ए.टी.एम. की स्क्रीन पर मैसेज चलना शुरू हो जाएगा।