आदित्य इन्सां पर एक लाख का ईनाम, पोस्टर जारी (VIDEO)

12/26/2017 9:54:40 PM

पंचकूला(उमंग श्योराण/धरणी): डेरा सच्चा सौदा के प्रमुख राम रहीम को साध्वी रेप केस में सजा होने के बाद भड़की हिंसा के आरोपियों को गिरफ्तार करने के लिए हरियाणा पुलिस कड़ी मशक्कत कर रही है। पुलिस एसआईटी हिंसा भड़काने के आरोप में हनीप्रीत सहित सैकड़ों आरोपियों को गिरफ्तार तो करने मे कामयाब रही है, लेकिन मुख्य आरोपी अभी भी गिरफ्त से बाहर हैं। इन आरोपियों में राम रहीम  के समर्थक आदित्य इन्सां को मुख्य सरगना माना जा रहा है। आदित्य इन्सां को पकडऩे के लिए पुलिस ने उसपर एक लाख रूपये का इनाम रखा है। साथ ही अन्य आरोपियों पर 50-50 हजार का इनाम रखा है।



पंचकूला जिले के सेक्टर-5 थाने से मुकदमा नं. 345 में भारतीय दंड संहिता की धारा 145/146/150/151/121/121ए/120बी/216/152 के तहत यह तलाश सूचना जारी की गई है। इस पोस्टर में सार्वजनिक सूचना जारी की गई है कि, 25 अगस्त को राम रहीम की पेशी के दौरान हुई हिंसा के संबंध में आदित्य इन्सां उर्फ आदित्य अरोड़ा पुत्र जगदीश राज निवासी सुपर स्पेश्लिटी हॉस्पिटल बेगू रोड, सिरसा, हरियाणा का मुख्य आरोपी है। जो कोई व्यक्ति आदित्य इन्सां के बारे में आवश्यक सूचना देगा, उसे एक लाख रूपये इनाम दिया जाएगा और सूचना देने वाले का नाम भी गुप्त रखा जाएगा।



सूचना देेने के लिए फोन नंबर जारी कर दिए गए हैं। आदित्य इन्सां की सूचना व्हाट्सअप पर भी दी जा सकती है। बता दें कि, पंजाब हरियाणा हाई कोर्ट द्वारा लताड़ लगाई जाने के बाद हरियाणा पुलिस हरकत में आई है। कथित मॉडर्न शक्तिमान आदित्य इंसा व अन्य आरोपियों की तलाश की जिमेवारी एसीपी मुकेश मल्होत्रा की टीम को सौंपी गई। दंगो के आरोपी कथित मॉडर्न शक्तिमान मास्टरमाइंड आदित्य इंसा की तलाश में देश के विभिन्न राज्यों में एसीपी मुकेश मल्होत्रा की टीम रेड कर रही है। आज देर शाम उत्तर प्रदेश के नोएडा के गांव वेद पुरा सेक्टर 10 में गजेंद्र सिंह इन्सां नागर के घर पर छापामारी चल रही है।