सिख दंगों पर कांग्रेस के 'हुआ तो हुआ' पर पीएम मोदी का पलटवार

5/10/2019 2:08:00 PM

रोहतक (दीपक भारद्वाज): प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कांग्रेसी नेता सैम पित्रोदा द्वारा सिख दंगों पर वीरवार को दिए गए बयान पर पलटवार करते हुए कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के ये तीन शब्द ये दर्शाते हैं कि देश में सबसे ज्यादा समय तक शासन करने वाली कांग्रेस असंवेदनशील रही है। पीएम ने कहा कि कांग्रेस के 70 साल राज करने के दौरान इस देश का गरीब और गरीब होता रहा, भ्रष्टाचार दिन-रात बढ़ता रहा, कालाधन अर्थव्यवस्था का मुख्य साधन बन गया। मध्य वर्गीय लोग परेशान होते रहे और उस वक्त कांग्रेस या तो मलाई खाती रही या फिर तमाशा देखती रही।



पीएम मोदी आज हरियाणा लोकसभा चुनाव के आखिरी पड़ाव में भाजपा के पक्ष में जनता का रूख करने के लिए खुद प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी रोहतक पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि इतनी चिलचिलाती धूप में आप जो तपस्या कर रहे हैं, इसे बेकार नहीं जाने दूंगा, इसे मैं विकास के रूप में लौटाऊंगा। उन्होंने कहा कि हर पल राष्ट्ररक्षा के तैयार रहने वाले, मिट्टी से सोना उगाकर देश का पेट भरने वाले, खेल के मैदान में भारत को गौरव दिलाने वाले हरियाणा व रोहतक के सभी लोगों को मेरा नमस्कार!



पीएम मोदी ने भाजपा सरकार की बड़ाई करते हुए कहा कि आज पूरी दुनिया में सबसे तेजी से विकसित हो रही अर्थव्यवस्था भारत देश की है। 2014 में भारत आर्थिक ताकत के रूप में 11वें नंबर पर था और आज छठें नंबर पर पहुंच गया है। उन्होंने लोगों से कहा कि आपके हाथ में मोबाईल फोन हो या देश की सबसे तेज चलने वाली ट्रेन हो, सबकुछ भारत देश में बन रहा है। भारत में रेलवे, हाईवे, एयरवे हो सभी क्षेत्रों में पहले से ज्यादा तेज गति से विकास हुआ है। उन्होंने कहा कि आज ने भारत जल, थल, नभ के अलावा अंतरिक्ष में भी सर्जिकल स्ट्राइक करने की क्षमता विकसित की है।



बता दें कि वीरवार को कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और राहुल गांधी के करीबी सैम पित्रोदा ने 1984 के सिख दंगों को लेकर विवादित बयान दिया था। उन्होंने कहा कि हां सिख दंगे हुए तो क्या। पित्रोदा इंडियन ओवरसीज कांग्रेस के प्रमुख हैं। बता दें कि 1984 में इंदिरा गांधी की हत्या के बाद दिल्ली में बड़ी संख्या में सिखों को मारा गया था। बाद में तत्कालीन प्रधानमंत्री राजीव गांधी ने कहा था कि जब बड़ा पेड़ गिरता है तो धरती कांपती है।

Shivam