रेड की इन्फॉर्मेशन हो रही लीक, पुलिस की इंवेस्टिगेशन टीमों पर खड़े हुए सवाल

9/28/2017 12:52:31 PM

चंडीगढ़(उमंग श्योराण): डेरा सच्चा सौदा प्रमुख बलात्कारी बाबा गुरमीत सिंह की सबसे खास हनीप्रीत और दंगा भड़काने की प्लानिंग में शामिल आदित्य इंसां को पकड़ने के लिए पंचकूला पुलिस की एसआईटी पिछले एक महीने से रेड कर रही है। इसके बाद भी दोनों को अब तक पकड़ा नहीं जा सका है। अब पुलिस की जांच कर रही टीमों पर सवाल खड़े हो गए हैं। पुलिस के आला खेमे को शक है कि एसआईटी की रेड की जानकारी लीक हो रही है। सूत्रों का कहना है कि जानकारी लीक होने के चलते ही एसआईटी के पहुंचने से पहले ही हनीप्रीत अौर आदित्य इंसां फरार हो जाते हैं। 

वहीं, पंचकूला पुलिस की एसआईटी ने राकेश नामक व्यक्ति को बुधवार शाम को गिरफ्तार किया है। जिसके बाद उसे लेकर सीधा कोर्ट पहुंचे, जहां उसका रिमांड लिया गया। पुलिस का कहना है कि इसे हनीप्रीत अौर आदित्य इंसां के बारे में जानकारी है। 

रेड की जानकारी लीक होने के सबूत
पंचकूला पुलिस की एक एसआईटी को जानकारी मिली थी कि हनीप्रीत इंसां गुरुग्राम के एक फ्लैट में है। इसके बाद पुलिस वहां के लिए निकली लेकिन टीम के पहुंचने से पहले ही हनीप्रीत निकल चुकी थी। मौके से पता चला कि हनीप्रीत पुलिस को आने से कुछ घंटे पहले ही यहां से निकली थी। 

आदित्य इंसां भी भागा
गंगानगर से पुलिस ने दो व्यक्तियों बलजिंदर और पाल सिंह को गिरफ्तार किया था। ये वे लोग हैं जिनके पास आदित्य इंसां रुका हुआ ता। यहां भी पुलिस को जानकारी मिली थी कि गंगानगर में आदित्य इंसां मौजूद हैं लेकिन पुलिस के पहुंचने से कुछ घंटे पहले ही आदित्य इंसां यहां से निकल चुका था। इन बातों से अंदाजा लगाया जा सकता है कि पुलिस रेड की जानकारी लीक हो रही है। इन लोगों का कोई हितैषी है जो पुलिस रेड की जानकारी इन्हें पहले ही दे देता है जिसके बाद ये लोग वहां से फरार हो जाते हैं।