ट्विटर ने भारत में बंद किया राम रहीम का अकाउंट, 23 अगस्त को डाला था आखिरी पोस्ट

9/1/2017 6:25:49 PM

चंडीगढ़: राम रहीम को 20 साल की सजा होने के बाद भी मुश्किलें कम नहीं हो रही। अब राम रहीम का ट्विटर अकाउंट बंद कर दिया गया है। हालांकि विदेश में राम रहीम का अकाउंट अभी भी एक्टिव है। ट्विटर ने राम रहीम का अकाउंट सस्पेंड या डिलीट नहीं किया है लेकिन ट्विटर ने अपनी कुछ पॉलिसी के तहत राम रहीम के अकाउंट को भारत में बंद कर दिया है। 

ट्विटर पर राम रहीम के लाखों फोलोवर थे। सजा होने के बाद से उनके ट्विटर अकाउंट पर कोई फोटो, वीडियो पोस्ट नहीं किया गया था। राम रहीम ने 23 अगस्त को आखिरी पोस्ट डाली थी। उन्होंने लिखा था कि हमने सदा कानून का सम्मान किया है। हालांकि हमारी back में दर्द है फिर भी कानून की पालना करते हुए हम कोर्ट जरूर जाएंगे। हमें भगवान पर दृढ़ यकीन है। सभी शां‍ति बनाए रखें। 

उल्लेखनीय साल 2002 में राम रहीम के खिलाफ एक गुमनाम पत्र लिखा गया था। जिस पर पंजाब हरियाणा हाईकोर्ट ने संज्ञान लिया था। 15 साल तक चले इस बलात्कार केस में 25 अगस्त, 2017 को सीबीआई कोर्ट ने राम रहीम को दोषी करार दिया था और 28 अगस्त, 2017 को राम रहीम को दो अलग-अलग रेप केस में 20 साल की सजा सुनाई गई थी। कोर्ट ने जब राम रहीम को दोषी करार दिया था तो पंचकूला समेत हरियाणा के अन्य जिलों में राम रहीम के समर्थकों ने हिंसा कर दी थी। इस हिंसा में 38 लोगों की मौत हो गई थी जबकि 250 से ज्यादा घायल हो गए थे।