महीने भर जश्न मनाने वाला राम रहीम, जेल में करेगा नए साल का स्वागत

12/30/2017 10:48:47 PM

सिरसा/रोहतक: साध्वियों से रेप के आरोप में जेल में बंद राम रहीम इस बार नए साल का जश्न जेल में करवटें बदल-बदल कर मनाने वाला है। यही राम रहीम हर बार नए साल का जश्न पूरे एक महीने तक मनाया करता था। राम रहीम के अनुयायी करीब 20 दिसंबर के बाद से ही डेरा सच्चा सौदा में जमावड़ा डालने लगते थे, जिनकी संख्या लाखों करोंड़ों में होती थी। लेकिन इस बार ये डेरा भी सूना-सूना नजर आ रहा है और राम रहीम की जश्न वाली रातें भी सूनी ही बीतने वाली हैं।



दरअसल, डेरा सच्चा सौदा के द्वितीय गुरु परम पूज्य शाह सतनाम सिंह जी के अवतार दिवस 25 जनवरी की तैयारी दिसंबर महीने से शुरु हो जाती थी। इस जश्न में भण्डारे का आयोजन भी किया जाता था। इस दौरान हलवे का प्रसाद आदि वितरित किया जाता था। वहीं राम रहीम 25 जनवरी को डेरे क द्वितीय गुरू के नाम से हजारों टन का केक काटा करता था, इस दिन काफी धूमधाम से देशी-विदेशी कलाकारों द्वारा रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत किया जाता रहा है। और इस जश्न का सिलसिला हर साल जनवरी के पूरे महीने चला करता था, पर इस बार इन सभी कार्यक्रमों के बिना ही राम रहीम को जेल के सलाखों के पीछे ही नए साल का स्वागत करना होगा।



गौरतलब है कि, शुक्रवार को उससे मिलने के लिए सिरसा से वकील हरीश छाबड़ा सुनारिया जेल गया था। एक घंटे पांच मिनट तक परिसर में रहने के बाद वह वापस गया। 20 मिनट तक उसकी मुलाकात हुई। राम रहीम से मिलने के लिए बृहस्पतिवार को उसकी मां नसीब कौर, बेटा जसमीत, बेटी चरणप्रीत व दामाद रुहमीत आए थे। जेल में दर्ज रिकार्ड के अनुसार, राम रहीम से मिलने वाले वकीलों की संख्या 52 हो चुकी है। पहले सप्ताह में एक या दो बार वकील आते थे। जो दिसंबर माह में हर सप्ताह तीन से चार बार आ रहे हैं। वकील से मिलने का कोई दिन या समय नहीं होता है। इसके कारण ड्योढ़ी पर रहने वाले मैनुअल रजिस्टर में इसका रिकॉर्ड रखा जा रहा है।