रेप पीड़ितों की HC में अर्जी, राम रहीम के लिए उम्र कैद की मांग

10/4/2017 11:32:59 AM

पंचकूला(ब्यूरो): राम रहीम के जेल में जाने के बाद उसकी मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं। साध्वियों से रेप मामले में 20 साल की सजा काट रहे राम रहीम मामले में नया मोड़ आया है। रेप पीड़ित महिलाअों ने हाईकोर्ट में एक अौर अर्जी दायर की है। जिसमें उन्होंने बलात्कारी बाबा की सजा को उम्र कैद में बदलने की मांग की है। दाेनाे साध्वियों की ओर से बुधवार को हाई कोर्ट में याचिका दायर की गई। साध्वियां खुद हाई कोर्ट नहीं पहुंचीं और उनकी तरफ से सीनियर एडवोकेट नावकिरण सिंह ने याचिका दायर की। याचिका में कहा गया है कि डेरा प्रमुख का जुर्म बेहद संगीन है और उसने उन दोनों पर बेहद जुल्‍म ढ़ाया है। उसने उन दाेनों का जीवन बर्बाद कर दिया।

उल्लेखनीय है कि 25 अगस्त को राम रहीम को कोर्ट में पेश कर दोषी करार होने के बाद 28 अगस्त को रेप मामले में 20 साल की सजा हुई थी। राम रहीम को ये सजा बारी-बारी से काटनी है। इसके साथ ही राम रहीम को जुर्माना भी लगाया गया लेकिन रेप पीड़ित महिलाएं राम रहीम की इस सजा से संतुष्ट नहीं है इसलिए उन्होंने हाईकोर्ट में राम रहीम की सजा को उम्र कैद में बदलने के लिए अर्जी दायर की है।