सुनारिया जेल में सब्जियां उगा रहा है 'बलात्कारी बाबा'

9/19/2017 12:13:17 PM

चंडीगढ़ (उमंग श्योराण):राम रहीम जो कभी अपने डेरे में सब्जियों को सिर्फ हाथ लगाकर उनके अमृत हो जाने का दावा करता था। वही राम रहीम अब सुनारिया जेल में असल में सब्जियां उगा रहा है। डीजीपी जेल केपी सिंह ने इस बारे में बताया है कि जेल में राम रहीम को अब सब्जियां उगाने का काम दिया गया है। डीजीपी ने कहा कि राम रहीम की तबीयत ठीक और वो पूरी तरह स्वस्थ है। उन्होंने बताया कि पी.जी.आई. की मेडिकल टीम उनके स्वास्थ्य को लेकर पूरी तरह तैयार है। फिलहाल राम रहीम पूरी तरह ठीक है। डीजीपी के मुताबिक राम रहीम ने 10 लोगों से मिलने की इच्छा जताई है और इसकी एक लिस्ट उसने जेल प्रशासन को सौंपी है। इसके साथ ही जेल में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं और जेल में राम रहीम को दूसरे कैदियों जैसा ही ट्रीटमेंट दिया जा रहा है।

कभी भक्तों को करोड़ों में बेचता था डेरे की सब्जियां
ये वही राम रहीम है जो अपने भक्तों को कभी लाखों-करोड़ों में सब्जियां बेचता था। डेरे के अंदर बनी सब्जियों को सिर्फ हाथ लगाकर बलात्कारी बाबा उसके अमृत हो जाने का दावा करता था और उसके आडंबर को उसके भक्त मान भी लेते थे। आध्यात्म के इसी बनावटी आडंबर के चलते वो अपने भक्तों को यही सब्जियां लाखों-करोड़ों रुपये में बेचता था। मगर अब सजा होने के बाद जेल में उसे सब्जियां उगाने का ही काम दिया गया है और जेल में राम रहीम को सब्जी उगाने का असल एक्सपीरियेंस मिलने लगा है।