राम रहीम का ‘कुबेरी डेरा’, मात्र कृषि भूमि की कीमत जान रह जाएंगे दंग
punjabkesari.in Thursday, Aug 31, 2017 - 08:33 PM (IST)
सिरसा: साध्वी यौन शौषण मामले में बीस साल के लिए सलाखों के पीछे भेजे गए डेरा सच्चा सौदा के मुखिया गुरमीत राम रहीम सिंह की मात्र कृषि भूमि की कीमत जान आप दंग रह जाएंगे। जानकारी के अनुसार राम रहीम के पास अकेले सिरसा में 2400 करोड़ की कृषि भूमि और 300 छोटे-बड़े वाहन हैं। यह खुलासा पंजाब एंव हरियाणा उच्च न्यायालय द्वारा डेरा प्रकरण को लेकर भडकी हिंसा के बाद हुए नुकसान की भरपाई के लिए राज्य सरकार की ओर से डेरा प्रमुख की संपत्ति के आंकलन करने के दौरान हुआ है। अधिकारिक सूत्रों के अनुसार डेरा प्रमुख के सिरसा के विभिन्न बैंकों में खातों को खंगाला जा रहा है। अब तक सामने आई रिपोर्ट में अकेले हरियाणा में करीब 300 करोड़ का अनुमानित नुकसान है। 
पंजाब हरियाणा उच्च न्यायालय के नुकसान भरपाई के आदेशों के बाद यूं तो समूचे हरियाणा, पंजाब और राजस्थान में डेरा की चल अचल संपति को खंगाला जा रहा है मगर डेरा का मुख्यालय सिरसा होने के कारण अधिक प्रॉपर्टी सिरसा में ही मानी जा रही है। राजस्व सहित अन्य विभागों के अधिकारी कई रोज से प्रॉपर्टी आंकलन में माथापच्ची कर रहे हैं। सिरसा में मुख्य डेरा के आधा दर्जन से अधिक डेरे और नाम चर्चा घर गावों में बने हुए हैं तीन रोज पहले इन सबको स्थानीय प्रशासन ने अपनी देखरेख में लेकर सेना की तैनाती की हुई है। इन डेरों की भूमि ,पेड़ सहित हर संपत्ति को आंका जा रहा है।

अधिकारिक सूत्रों की माने तो सिरसा में डेरा प्रमुख के पास गांव नेजिया,बाजेंका व बेगू गांव की साढ़े नौ सौ एकड़ कृषि भूमि है जिसकी कलेक्टर रेट के लिहाज से लगभग 24 सौ करोड़ रूपए अनुमानित किमत आंकी जा रही है। इस समय बाजेंका में कृषि भूमि का कलेक्टर रेट 38 लाख प्रति एकड़,नेजिया में 21 लाख प्रति एकड़ व बेगू में 11.90 लाख रुपए प्रति एकड़ है। डेरा सच्चा सौदा की कृषि भूमि इन्हीं गावों में है। जिस समय यह भूमि डेरा ने खरीदी उस समय प्रॉपर्टी पूरे परवान पर थी तथा इन जमीनों के भाव 80 लाख से 50 लाख रुपए प्रति एकड़ थे। 
डेरा प्रमुख के पास जिला सिरसा में सबसे मंहगी ऑडी,लैक्सश सरीखी कारें और अन्य वाहन हैं। सूत्रों के अनुसार प्रशासन अब तक बनाई रिपोर्ट में 300 वाहन डेरा के आंक कर चल रहा है। कई वाहन बहुत खर्च पर मोडिफाई भी किए गए हैं। डेरा का अपना सिनेमा घर भी करोड़ों रुपयों का है। सूत्रों के अनुसार डेरा के पास पंजाब, राजस्थान,हिमाचल व उत्तरपद्रेश, दिल्ली सहित कई प्रदेशों में कृषि योग्य और व्यवसायिक भूमि है। इसी तरह सिरसा में भवन, वाहन, शिक्षण संस्थान तथा फैक्ट्रियां भी बनी हुई है जहां से डेरा का कारोबार देश विदेश में चलता है। हालांकि डेरा विवाद के बाद लेबर के भाग जाने के बाद तमाम फैक्ट्रियों में उत्पादन ठप्प पड़ा है। डेरा ने इनफैक्ट्रियों की अपने स्तर पर तालांबदी कर गार्ड बैठा दिए हैं।