राफेल का नाम सुनते ही राहुल गांधी के पेट में दर्द होने लगता है: शाह

punjabkesari.in Wednesday, Oct 09, 2019 - 09:07 PM (IST)

भिवानी(अशोक): केंद्रीय गृह मंत्री और भाजपा पार्टी अध्यक्ष अमित शाह ने हरियाणा के लोहारू में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए कहा कि भारत माता के साथ दुव्र्यवहार करने वाले सभी लोगों को जेल की सजा दी जाएगी। उन्होंने कहा कि देश के खिलाफ कुछ भी बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। शाह ने कहा, ''बीते दिन विजयदशमी के पर्व पर देशभक्त पार्टी ने परिवारवाद की पार्टी पर विजय पाई है। कांग्रेस और पारिवारिक पार्टियों ने लोकतंत्र को झिंझोड़ कर इसमें दीमक लगाने का काम किया है।'' 

इसी दौरान शाह ने कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी पर टिप्पणी की। उन्होंने कहा, 'कांग्रेस पार्टी को मालूम भी नहीं है कि  विरोध किसका किया जाना चाहिए, विजयदशमी के पर्व पर हमारे रक्षामंत्री राजनाथ सिंह फ्रांस गए, इन्होंने राफेल विमान को भारत की वायुसेना में शामिल करकर देश को मजबूत करने का काम किया है।'' उन्होंने कहा, ''राफेल का नाम लेते ही राहुल गांधी के पेट में दर्द होने लगता है, उनको लगता है कि ये देश की सेना क्यों मजबूत हो?'' 

हरियाणा विधानसभा चुनाव में 75 पार के नारे के साथ अमित शाह ने भिवानी के बहल कस्बा में आर्शीवाद रैली को संबोधित किया। वे यहां तोशाम व लोहारू विधानसभा क्षेत्रों की संयुक्त रैली को संबोधित करने पहुंचे थे। इस मौके पर उन्होंने कहा कि पिछले पांच सालों के दौरान हरियाणा में प्रति व्यक्ति आय एक लाख 35 हजार से बढकऱ 2 लाख 26 हजार पहुंच गई हैं। वही उन्होंने महिला सुरक्षा को लेकर कहा कि पिछले पांच सालों के दौरान हरियाणा में 2 महिला थानों के स्थान पर 31 महिला थानों की स्थापना की गई हैं।

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की भिवानी के बाद में कैथल के बाद बहल में यह दूसरी चुनावी रैली थी। जिसमें उन्होंने हरियाणावासियों के बारे में कहा कि हरियाणा वह स्थान है, जहां भरपूर अनाज पैदा होता है। यहां के सैनिक देश की रक्षा करते है व यहां के खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर पर देश का नाम रोशन करते हैं। उन्होंने कहा कि पिछले पांच सालों के दौरान प्रदेश सरकार ने हरियाणा में परिवारवाद, भ्रष्टाचार व जातिवाद को खत्म करने का काम किया।

राष्ट्रीय मुद्दों पर बोलते हुए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि हरियाणा प्रदेश के लोगों ने लोकसभा चुनाव में भारी बहुमत से भाजपा को जिताया। 300 के लगभग सीटें मिली तो उनकी पार्टी ने कश्मीर से धारा 370 को उखाड़ फेंका। उन्होंने अपने भाषण के दौरान हरियाणा के लोगों से अपील भी की कि जब राहुल गांधी प्रचार के लिए हरियाणा में आए तो जनता राहुल गांधी से पूछे कि धारा 370 हटाने में वे सरकार के साथ है या नहीं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Shivam

Recommended News

Related News

static