सोनीपत से भी जुड़े वीरेंद्र देव दीक्षित के तार, आश्रम में मिलीं 8 महिलाएं(Video)

12/25/2017 11:26:38 AM

सोनीपत(पवन राठी): दिल्ली में यौन शोषण मामले में चर्चित बाबा वीरेंद्र देव दीक्षित के तार अब सोनीपत से भी जुड़ गए हैं। बीते दिन हरियाणा महिला आयोग की चेयरपर्सन प्रतिभा सुमन ने पुलिस टीम संग ओल्ड हाऊसिंग बोर्ड कॉलोनी में चल रहे एक आश्रम में छापा मारा। इसके अंदर अलग-अलग राज्यों की 8 महिलाएं मिली हैं। महिलाओं ने अब तक किसी भी प्रकार के आरोप नहीं लगाए हैं और न ही आश्रम से कुछ संदिग्ध वस्तु प्राप्त हुई है। आश्रम में रह रही इन सभी महिलाओं पर पुलिस द्वारा निगरानी रखी जा रही है। गौरतलब है कि दिल्ली में आध्यात्मिक विश्वविद्यालय संचालित करने वाले वीरेंद्र के खिलाफ यौन शोषण के आरोप लगे हैं।

पहले उतार दिया था आश्रम के नाम का बोर्ड
जांच में पता चला है कि आश्रम के बोर्ड को 2-3 दिन पहले उतार दिया गया था। ऐसे में टीम को मकान तक पहुंचने के लिए कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। महिला आयोग की चेयरपर्सन आश्रम के अंदर चली गई परंतु मीडिया को आश्रम के अंदर नहीं जाने दिया गया। एक महिला ने खुद को रोहतक का बताया लेकिन आधार कार्ड के अनुसार महिला राजस्थान की मिली।

हरियाणा महिला आयोग की चेयरपर्सन ने कहा कि आश्रम से 8 महिलाएं मिली हैं। आवश्यकता पड़ने पर महिलाओं का मैडीकल करवाया जा सकता है। अगर कुछ संदिग्ध सामने आया तो उसकी जानकारी दी जाएगी।