खेल मंत्री संदीप सिंह ने मुख्यमंत्री को सौंपा अपना खेल विभाग, FIR दर्ज होने के बाद लिया ये फैसला
punjabkesari.in Sunday, Jan 01, 2023 - 01:04 PM (IST)

चंडीगढ़ (धरणी) : हरियाणा के खेल राज्य मंत्री संदीप सिंह पर महिला कोच से छेड़छाड़ के आरोप में चंडीगढ़ पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। महिला कोच ने संदीप सिंह पर छेड़छाड़ के आरोप लगाए थे।
वहीं एफआईआर के बाद खेल मंत्री संदीप का बड़ा बयान सामने आया है उन्होंने कहा कि मैंने मंत्री पद से इस्तीफा नहीं दिया है केवल अपना खेल विभाग मुख्यमंत्री को सौंपा है। संदीप सिंह ने कहा कि मेरे ऊपर लगाए गए आरोप बेबुनियाद है। जांच रिपोर्ट आने तक मैंने अपना खेल विभाग मुख्यमंत्री को सौंपा है। जांच होने के बाद सच्चाई सामने आ जाएगी।
इनेलो के दफ्तर में प्रेसवार्ता कर लगाए थे आरोप
दरअसल कुछ दिने पहले ही हरियाणा की एक एथलीट महिला खिलाड़ी ने खेल राज्य मंत्री संदीप सिंह पर छेड़छाड़ करने के गंभीर आरोप लगाए थे। उन्होंने खेल मंत्री पर टी-शर्ट फाड़ने और गलत तरीके से छूने की कोशिश करने का भी इलजाम लगाया है। उनका कहना है कि विरोध करने पर मंत्री ने उसका तबादला करने की धमकी दी और अब उसका ट्रांसफर झज्जर में कर दिया गया है, जहां 100 मीटर का भी खेल मैदान नहीं है। महिला ने कहा कि उसे मानसिक रूप से परेशान किया जा रहा है। इन आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए खेल मंत्री ने महिला कोच के आरोप को गलत बताया है। वहीं इनेलो नेता अभय चौटाला ने कहा कि खेल मंत्री को अपने पद से इस्तीफा देना चाहिए।
(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)