हरियाणा रोडवेज की सेवाएं ठप, अनिश्चितकालीन हड़ताल का किया एेलान

4/10/2017 5:43:19 PM

फतेहाबाद (रमेश भट्ट):निजी बस चालकों को परमिट देने के विरोध में लामबद्ध रोडवेज कर्मचारियों ने आज वार्ता विफल होने के बाद रोडवेज परिसर पर तालाबंदी कर रोडवेज का चक्का जाम कर दिया। रोडवेज का चक्का जाम किए जाने से यात्रियों को मुश्किलों का सामना करना पड़ा। अचानक हुए इस घटनाक्रम से दैनिक यात्रियों के साथ-साथ उन यात्रियों के सामने परेशानी खड़ी हो गई जो बसों के इंतजार में बस स्टैंड पर खड़े थे। रोडवेज यूनियन के प्रधान छोटूराम ने बताया कि रोडवेज कर्मचारी सरकार द्वारा निजी बस संचालकों को परमिट दिए जाने का विरोध कर रहे थे और इस मामले में सरकार तथा रोडवेज तालमेल कमेटी की एक बैठक बुलाई गई, जो विफल हो गई। जिसके बाद पूरे प्रदेश में रोडवेज कर्मचारियों ने अपना विरोध जताते हुए रोडवेज डिपो के मुख्य गेटों पर तालाबंदी करने के साथ-साथ रोडवेज का चक्का जाम कर दिया। उन्होंने बताया कि जब तक सरकार उनकी मांगे नहीं मानती तब तक चक्का जाम रहेगा।

हिसार (विनोद सैनी):हिसार में भी रोडवेज कर्मचारीयों ने अपनी मांगों को लेकर हिसार डिपू पर आज चक्का जाम कर दिया है। रोडवेज कर्मचारियों का साफ कहना है कि जब तक हमारी मांगे नहीं मानी जाती है तब तक रोडवेज का चक्का जाम रहेगा।

सिरसा (सतनाम सिंह):सिरसा में रोडवेज कर्मचारियों ने चक्का जाम कर सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। एक दम से हुई हड़ताल की वजह से आमजन को परेशानियों का सामना करना पड़ा। कर्मचारियों की ये हड़ताल अनिश्चितकालीन है। कर्मचारी नेताओं ने कहा कि सरकार नई ट्रांसपोर्ट पालिसी लागु कर निजी बस मालिकों को फायदा पहुंचा रही है। हम काफी समय से सरकार अपने फैसले को वापिस लेने की मांग कर रहे थे, लकिन सरकार हमारी मांग नहीं मान रही थी। अब हमने चक्का जाम कर दिया है। हमारा चक्का जाम अनिश्चितकालीन रहेगा।