वो फोन किसका जो प्रेस कांफ्रेंस बीच में ही छोड़कर चले गए सुभाष बराला?

8/9/2017 2:54:57 PM

चंडीगढ़ (चंद्रशेखर धरणी):बेटे विकास बराला पर आईएएस अधिकारी की बेटी से छेड़छाड़ के बाद विरोधियों के राडार पर आए भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सुभाष बराला फिर विवादों में घिर गए हैं। चार दिन से मीडिया के सवालों से भाग रहे सुभाष बराला आज दोपहर 2 बजे आखिरकार मीडिया के सामने आए। दो बजे प्रेस कांफ्रेंस शुरू हुई। प्रवक्ता जवाहर यादव के साथ संयुक्त रूप से प्रेस कांफ्रेंस की जा रही थी। यादव के बाद बराला ने अपनी बात रखनी शुरू की। सुभाष बराला मुश्किल से 5 मिनट भी नहीं बोले थे कि इतने में किसी का फोन आता है और बराला प्रेस कांफ्रेंस बीच में ही छोड़ कर चले जाते हैं। सुभाष बराला से पत्रकार सवाल पूछते रहे लेकिन किसी का जवाब दिए बिना ही वो वहां से चलते बने। इसके बाद जवाहर यादव ने मोर्चा संभाला और सिर्फ एक लाइन बोलने के बाद वो भी चलते बने। इससे पहले की सुभाष बराला से मीडिया सवाल करता दोनों ही नेता प्रेस कांफ्रेंस बीच में ही छोड़ कर चले गए। 

प्रेस कांफ्रेंस अधूरी छोड़ने के बाद अब एक ही सवाल उठता है कि आखिर वो फोन किसका था जिसे सुनने के बाद सुभाष बराला ने अचानक से प्रेस कांफ्रेंस ही अधूरी छोड़ दी। आखिर फोन पर एेसा कौन व्यक्ति बोल रहा था जिसके बाद भाजपा खेमे में अफरा तफरी मच गई और सभी नेता मीडिया से भाग खड़े हुए। क्या वो फोन हाईकमान से था या फिर बराला के किसी हमदर्द का जो मीडिया से बात किए बिना ही और मीडिया के तीखे सवालों का जवाब दिए बिना ही सुभाष बराला चलते बने। हालांकि जाने से पहले सुभाष बराला ने ये जरूर कहा कि पुलिस पर किसी भी तरह का दबाव नहीं है और वो दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई चाहते हैं।