ममता ने की पद्मावती की पैरवी तो बिगड़ गए BJP नेता अम्मू के बोल(Video)

11/25/2017 4:57:46 PM

गुरुग्राम(ब्यूरो): पद्मावती को लेकर हरियाणा के बीजेपी नेता सूरज पाल अम्मू ने एक बार फिर विवादित बयान दिया है। इस बार उन्होंने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को धमकी दी है। ममता बनर्जी ने गत दिवस कहा था कि वह पश्चिमी बंगाल में फिल्म पद्मावती का स्वागत करेंगे। अम्मू ने कहा कि ममता जी शूर्पनखा को न भूलें। हरियाणा के सोहना इलाके में सती मंदिर में हुई महापंचायत के दौरान उन्होंने ये बात कही। 

दरअसल, ममता बनर्जी ने शुक्रवार को बंगाल में पद्मावती फिल्म रिलीज कराने के लिए कहा था। जिस पर बीजेपी नेता सूरज पाल ने उन्हें रामायण का किस्सा याद दिला डाला। अम्मू ने कहा, 'राक्षसी प्रवृत्ति की जो महिलाएं होती हैं, जैसे शूर्पनखा थी। शूर्पनखा का इलाज लक्ष्मण ने नाक काटकर किया था। ममता जी इस बात को न भूलें।' 

सूरज पाल अम्मू पहले भी फिल्म को लेकर विवादित बयान दे चुके हैं। उन्होंने हाल ही में संजय लीला भंसाली और दीपिका पदुकोण का सिर कलम करने वाले को दस करोड़ के इनाम का ऐलान किया था। जिसके बाद पार्टी ने उन्हें नोटिस भी जारी किया था।हालांकि, वो लगातार अपने रुख पर अड़े हैं और जेल जाने के लिए तैयार होने की बात भी करते रहे हैं।