गुरु के नाम पर लगा कलंक, प्राध्यापक ने छात्राओं को दिखाई अश्लील वीडियो (VIDEO)

9/30/2018 10:50:04 PM

सिरसा(सतनाम सिंह): सिरसा के गांव चोरमार खेड़ा के राजकीय उच्च विद्यालय में गुरू के नाम पर कलंक लगा है। आरोपों के मुताबिक, प्राध्यापक द्वारा छात्राओं से छेड़छाड़ व अश्लील वीडियो दिखाने का मामला सामने आया है। आरोप विद्यालय के लैब सहायक (प्राध्यापक ) पर लगा है। 



आरोप है कि लैब सहायक छात्राओं को विद्यालय में ही अश्लील वीडियो दिखाकर उनसे छेड़छाड़ करता था। छात्राओं ने इसकी सूचना अपने परिजनों को दी तो परिजनों ने विद्यालय में खूब हंगामा किया। पुलिस सूचना पाकर मौके पर पहुंची और आरोपी को पकड़कर थाने ले गई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। 



गांव चोरमार खेड़ा के पूर्व सरपंच जितेंदर सिंह ने बताया कि गुरप्रीत सिंह विद्यालय में लैब सहायक के पद पर है। गुरप्रीत सिंह छात्राओं को अश्लील वीडियो दिखाकर उनसे छेड़छाड़ करता था। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों ने उसको पुलिस के हवाले कर दिया है। ग्रामीणों ने आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। 



वहीं ओढ़ां थाना प्रभारी कांशी राम ने बताया कि चोरमार गांव के विद्यालय के हेड मास्टर ने शिकायत दी थी कि विद्यालय में लैब सहायक गुरप्रीत सिंह छात्राओं से छेड़छाड़ करता है। उन्होंने कहा कि छात्राओं को अश्लील वीडियो दिखाने की शिकायत उनके पास अभी नहीं आई है। इस मामले में आरोपी के खिलाफ 354 की धारा के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। कांशी राम ने बताया कि छात्रा के मजिस्ट्रेट के सामने बयान दर्ज करवाए जा रहे हैं, जांच में जो भी तथ्य सामने आएगा, उसी के आधार पर आगे कार्रवाई की जाएगी।

Shivam