शादी के बंधन में बंधेंगे पूर्व हॉकी स्टार मनदीप, जानिये किसके साथ लेंगे सात फेरे (Pics)

3/26/2017 4:35:09 PM

सोनीपत:इंडियन हाॅकी टीम के कैप्टन रह चुके मनदीप आंतिल की आज शिक्षिका मोनिका के साथ सोनीपत में बहालगढ़ रोड स्थित एक होटल में रिंग सैरेमनी है। इस रिश्ते से खुशी जाहिर करते हुए मनदीप ने कहा कि उनकी शादी पारिवारिक रजामंदी से तय हुई है। मनदीप की मंगेतर मोनिका रिश्तेदारी में से ही हैं, जो केंद्रीय विद्यायल की जूनियर विंग के लिए सैलेक्ट हो चुकी हैं। 

इस तारीख को करेंगे शादी  
मनदीप आंतिल और शिक्षिका मोनिका 19 अप्रैल को शादी के बंधन में बंध जाएंगे। इस बारे में मनदीप ने बताया कि उनके लिए मोनिका को उनके घरवालों ने ही पसंद किया था, जो भाभी की दूर की एक रिश्तेदारी में पड़ती हैं। मोनिका सोनीपत जिले के गांव रतनगढ़ के संभ्रांत परिवार से संबंध रखती हैं। वह B.Tech कर चुकी हैं तो इसके अलावा हरियाणा शिक्षक पात्रता परीक्षा (HTET) और केंद्रीय शिक्षक पात्रता परीक्षा (CTET) भी क्लियर कर चुकी हैं।

International प्रतियोगिताएं खेल चुके हैं मनदीप
सोनीपत जिले के गांव कुराड़ इब्राहिमपुर के रहने वाले करीब 29 वर्षीय मनदीप आंतिल भारतीय हॉकी टीम के कैप्टन रह चुके हैं और कई बार अजलान शाह हॉकी कप खेल चुके हैं। वहीं कई अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताएं खेल चुके हैं। वह सन 2008 से ऑयल एंड नैचुरल गैस कॉर्पोरेशन में एग्जेक्यूटिव ऑफिसर के पद पर कार्यरत हैं और इसी संस्थान की तरफ से हॉकी में नाम कमा चुके हैं।