'राजीव व सोनिया गांधी की शादी के दौरान चाणक्य होते तो शायद कांग्रेस के हालात ऐसे ना होते'

1/4/2020 4:54:27 PM

रोहतक (दीपक भारद्वाज): वीर सावरकर को लेकर कांग्रेस ने एक पुस्तक जारी की है, जिस पर विश्व हिंदू परिषद कांग्रेस पार्टी पर हमलावर हो गई। वीएचपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता सुरेंद्र जैन ने यह तक कह दिया अगर राजीव गांधी व सोनिया गांधी की शादी के वक्त चाणक्य होते तो शायद कांग्रेस के यह हालात ना होते।

गौरतलब है कि चंद्रगुप्त व हेलन की शादी के वक्त चाणक्य ने विदेशी महिला के साथ विवाह को लेकर कुछ नियम बनाए थे। सुरेन्द्र जैन ने कहा कि पुराने कांग्रेसियों को सोनिया गांधी से मुक्ति ले लेनी चाहिए। सोनिया व प्रियंका गांधी देश को अपमानित करने में लगी हुई हैं।

सुरेंद्र जैन ने कहा कि वीर सावरकर जैसे व्यक्ति के लिए जिस तरह के शब्द कांग्रेस पार्टी ने इस्तेमाल किए हैं वह अपमानजनक है। कांग्रेस पार्टी अब माइनस महात्मा गांधी हो गई है। क्योंकि महात्मा गांधी के ऐसे विचार नहीं थे, जो आज कांग्रेस पार्टी में है। इसलिए पुराने कांग्रेसियों को सोनिया गांधी से मुक्ति ले लेनी चाहिए।

जैन ने सोनिया गांधी पर निजी हमला करते हुए कहा कि जिस तरह का घटनाक्रम हो रहा है, उन्हें चाणक्य की याद आ रही है। चाणक्य ने चंद्रगुप्त और हेलन की शादी के लिए कुछ नियम बनाए थे। अगर आज शायद चाणक्य होते तो कांग्रेस के हालात यह ना होते। उन्होंने कहा सत्ता की हवस में कांग्रेस पार्टी बेहूदा बयान बाजी करने में लगी हुई है। राहुल गांधी इस तरह के बयान देकर भाग जाते हैं जबकि सोनिया गांधी व प्रियंका गांधी देश को अपमानित कर रही हैं।

Shivam