आज परिणय सूत्र में बंधेंगे हरियाणा के दो दिग्गज पहलवान, साक्षी मलिक बनेंगी सत्यव्रत की दुल्हनिया

4/2/2017 3:38:23 PM

रोहतक:रियो ओलंपिक में कांस्य पदक विजेता साक्षी मलिक आज सत्यव्रत कादियान के साथ शादी के बंधन में बंधने जा रही है। रोहतक के नांगल भवन में दोनों सात फेरे लेकर परिणय सूत्र में बंधेंगे। बताया जा रहा है कि शादी काफी शाही अंदाज में होगी। शनिवार को दिन में हल्‍दी और तेल चढ़ाने की रस्म हुई तो शाम को महिला संगीत का आयोजन किया गया। आज सुबह से ही साक्षी और सत्‍यव्रत के घर पर शादी के लिए रस्‍में शुरू हो गई हैं।


बता दें कि साक्षी मलिक ने रियो अोलंपिक में फ्रीस्टाइल कुश्ती के 58 किलोग्राम भारवर्ग में भारत के लिए कांस्य पदक जीतकर देश का नाम रोशन किया था। वहीं सत्यव्रत एशियन चैंपियनशिप-2014 में इंडिया के लिए ब्रॉन्ज जीत चुके हैं।


कुछ इस अंदाज में बताई थी अपनी शादी की तारीख
साक्षी ने अपने फेसबुक पेज पर अपने मंगेतर सत्यव्रत के साथ एक फोटो शेयर की थी। जिसमें उन्होंने अंग्रेजी भाषा में 'सेव द डेट 02.04.2017' लिखकर अपनी शादी की तारीख बताई थी। बता दें कि 16 अक्टूबर 2016 को पहलवान साक्षी मलिक ने अपने ब्वॉयफ्रेंड सत्यव्रत कादियान से सगाई की थी। 
 

अखाड़े में हुई आंखें चार 
पहलवान सत्यवान ही सत्यव्रत और साक्षी के गुरु हैं। पहलवान सत्यवान के अखाड़े में ही साक्षी और सत्यव्रत पहली बार एक दूसरे से मिले और दोनों के बीच प्यार हुआ था। रियो ओलंपिक में जाने से पहले दोनों के परिजनों की रजामंदी से उनका रिश्ता तय हो चुका था।


मुम्बई से आया लहंगा, बैंगलोर से वरमाला
पहलवान साक्षी मलिक के दूल्हे पहलवान सत्यव्रत ने दिल्ली से शेरवानी व सूट खरीदा है तो साक्षी के लिए डिजाइनर लहंगा मुम्बई से मंगवाया गया है। साक्षी मलिक की शादी की ड्रेस अंतरराष्ट्रीय फैशन डिजाइनर सब्यसांची मुखर्जी ने तैयार की है। सब्यसांची मुखर्जी फिल्म अभिनेत्री ऐश्वर्या राय के अलावा प्रियंका गांधी सहित कई हस्तियों के ड्रेसेज तैयार कर चुके हैं। इसके साथ ही नांदल भवन को भी दुल्हन की तरह सजाया गया है। साक्षी व सत्यव्रत की शादी के लिए वरमाला भी बैंगलोर से मंगवाई गई है। इतना ही नहीं, सजावट के लिए फूल थाईलैंड से मंगवाए गए हैं। 


सिंडरेला बग्गी से नांदल भवन पहुंचेंगी साक्षी
जानकारी के अनुसार नांदल भवन से जयमाल के लिए तैयार किए गए खास स्टेज तक साक्षी सिंडरेला बग्गी से पहुंचेंगी और शादी के बाद ससुराल बीएमडब्ल्यू कार से विदा होंगी। गाड़ी को भी गुलाब और थाईलैंड के फूलों से ही सजाने की तैयारी हो चुकी है। उधर, दूल्हा सत्यव्रत भी सहारनपुर से खास तौर पर तैयार किए गए लकड़ी के गोल्डन रथ पर सवार होंगे।


कई बड़ी हस्तियां करेंगी शिरकत
साक्षी मलिक की शादी में राजनीति, खेल औऱ बॉलीवुड की दुनिया की कई हस्तियां शामिल होंगी। शादी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रतिनिधि के तौर पर रेलमंत्री सुरेश प्रभु या फिर दूसरे केंद्रीय मंत्री आ सकते हैं। प्रदेश के मुख्यमंत्री मनोहरलाल, पीवी सिंधु, दीपा कर्माकर, खेल मंत्री अनिल विज, फौगाट बहनें गीता और बबीता, अभिनेता रणदीप हुड्डा, सोनाक्षी सिन्हा के अलावा पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हड्डा, अभय चौटाला आदि भी शादी समारोह में शिरकत करेंगे। इसके साथ ही अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर के भी शादी समारोह में शामिल होने का अनुमान लगाया जा रहा है


शादी के कार्यक्रम
जानकारी के अनुसार सुबह 11 बजे लग्न-टीका की रस्‍म सत्यवान अखाड़े में हुई। उसके बाद साक्षी के आवास पर भात भरने की होगी। इसके बाद बोहर स्थित नांदल भवन में शाम करीब साढ़े छह बजे बारात आएगी। बेटी की शादी की तैयारी में लगी मां सुदेश का कहना है कि बारात के स्वागत के बाद जय माला का कार्यक्रम होगा। रात आठ बजे से 10 बजे तक फेरे व विवाह की रस्‍म होगी। इसके बाद विदाई होगी और अपने पिया के संग साक्षी ससुराल के लिए विदा होंगी।


सुरक्षा के कड़े प्रबंध
कार्यक्रम के दौरान पुलिस और प्रशासन की भी सुरक्षा को लेकर तैयारी हैं। सुरक्षा के लिहाज से पूरे कार्यक्रम की तैयारियों से जुड़ी रोहतक की सिक्योरिटी एजेंसी की ओर से 45 से 50 बाउंसर भी तैनात किए जाएंगे। जो हर शख्स पर नजर रखेंगे। 


उत्तर प्रदेश से मंगवाए गए विशेषज्ञ बावर्ची
शादी में मेहमान अौर बाराती स्वादिष्ट व्यंजनों का लुत्फ उठाएंगे। मेहमानों के लिए भोजन बनाने के लिए उत्तर प्रदेश से विशेषज्ञ कारीगरों को बुलाया गया है। भोजन के लिए 80 से अधिक स्टॉल लगाए जाएंगे। इनमें करीब आठ से अधिक मिठाइयां व 15 सब्जियां होंगी। इसके अतिरिक्त माल पुआ और दिल्ली की कुल्फी भी होगी। 


शादी के बाद एशियन चैंपियनशन की तैयारी करेंगे दोनों पहलवान
शादी के बाद साक्षी मलिक और सत्यव्रत कादियान मई में होने वाली एशियन चैंपियनशिप की तैयारियों में जुट जाएंगे। इस प्रतियोगिता में सत्यव्रत का खेलना तय है, लेकिन शादी की तैयारियों के कारण साक्षी सोनीपत में कैंप में शामिल नहीं हो सकी थीं। हालांकि यदि साक्षी चैंपियनशिप में खेलना चाहेंगी तो कुश्ती संघ उन्हें मौका देगा। एशियन चैंपियनशिप 10 से 12 मई तक दिल्ली में होगी। बता दें कि साक्षी और सत्यव्रत दोनों ही प्रो. कुश्ती में दिल्ली की ओर से खेल रहे हैं।