हरियाणा के होटल में ठहरे मिले एनसीपी के दो गायब विधायक, सकुशल पहुंचे मुंबई

11/25/2019 9:28:09 PM

गुरुग्राम (स.ह.): महाराष्ट्र में सत्ता की उठापठक के बीच राकांपा के गायब हुए दो विधायक हरियाणा के गुरुग्राम में ठहरे हुए थे जिन्हें सकुशल मुंबई वापस ले जाया गया है। राकांपा के विधायक अनिल पाटिल और दौलत दरोड़ा गुरुग्राम के होटल ओबेरॉय में ठहरे हुए थे। राकांपा नेताओं द्वारा दोनों विधायकों को रविवार देर रात दिल्ली से वापस मुंबई भेजा गया। गायब हुए दोनों विधायकों को राष्ट्रवादी युवा कांग्रेस के अध्यक्ष धीरज शर्मा और राष्ट्रवादी विद्यार्थी कांग्रेस की अध्यक्ष सोनिया दूधन ने ओबेरॉय होटल से बाहर निकाला।

सोनिया दूधन ने मीडिया से बातचीत में कहा कि दोनों विधायकों को झूठ बोलकर भाजपा शासित राज्य हरियाणा के गुरुग्राम में लाया गया था। विधायकों को भाजपा के लोगों ने डरा धमका कर होटल में कैद किया हुआ था। जैसे ही उन्हें विधायकों के यहां होने की जानकारी मिली वह अपनी टीम के साथ होटल पहुंचीं। दोनों विधायकों को ना तो किसी से बात करने की इजाजत थी और ना ही बाहर जाने की।

सोनिया का दावा है कि होटल में भाजपा के जिला अध्यक्ष और सीएम के ओएसडी सहित करीब 150 लोग इन विधायकों के चारों ओर लगाए गए थे। उन्होंने बताया कि पांचवीं मंजिल पर कैद विधायकों को किसी तरह ग्राउंड फ्लोर पर लाया गया और होटल कर्मचारियों की मदद से बचते बचाते रात साढ़े 11 बजे पीछे के रास्ते से विधायकों को बाहर ले जाने में हम सफल रहे और सीधा दिल्ली के 6 जनपथ और उसके बाद एयरपोर्ट से विमान के जरिए मुंबई पहुंचे। 

Shivam