वर्णिका कुंडू छेड़छाड़ मामलाः विकास बराला पर अपहरण का आरोप तय

10/13/2017 1:45:27 PM

चंडीगढ़ (धरणी/मनमोहन): चंडीगढ़ के हाईप्रोफाइल छेड़छाड़ मामले में भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सुभाष बराला के बेटे विकास बराला को अदालत ने बड़ा झटका दिया है। चंडीगढ़ कोर्ट ने मामले में सुनवाई करते हुए विकास बराला और उसके साथी आशीष पर शराब के नशे में गाड़ी चलाने और आईएएस की बेटी वर्णिका कुंडू का अपहरण करने की कोशिश का आरोप तय कर लिया है। कोर्ट ने आरोपियों पर लगाई गई धाराएं 354 डी, 365 और 341 सही पाया है। कोर्ट के इस फैसले के बाद अब दोनों आरोपियों के खिलाफ मुकद्दमा चलेगा और दोषी पाए जाने पर उन्हें सजा सुनाई जाएगी। 

गौरतलब है कि चार और पांच अगस्त की मध्य रात्रि को हरियाणा भाजपा अध्यक्ष सुभाष बराला के बेटे विकास बराला और उसके साथी अाशीष ने शराब के नशे में वर्णिका कुंडू की गाड़ी का पीछा किया। चंडीगढ़ की सड़कों पर पीछा करते हुए विकास बराला ने कई बार वर्णिका कुंडू की गाड़ी रोकनी चाही और अपहरण करने का प्रयास भी किया। वर्णिका की शिकायत पर पुलिस ने पीछा करते हुए आरोपियों को मौके से ही गिरफ्तार किया था। राजनीतिक दबाव बढ़ने के बाद बेशक पुलिस ने दोनों आरोपियों को जमानत दे दी लेकिन मीडिया में किरकिरी के बाद पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया।