तालाब को खोदने का काम कर रही 3 महिला मजदूर मिट्टी में दबी

6/7/2017 5:06:53 PM

बापौली (सत्यवान):बापौली गांव में डाडोला रोड पर तालाब को खोदने का काम कर रही 3 मनरेगा महिला मजदूर अचानक मिट्टी के खिसकने से नीचे दब गई, जिनको अन्य काम कर रहे मजदूरों ने मशक्कत के बाद बाहर निकाला। इसकी सूचना प्रशासनिक अधिकारियों, पुलिस व सरपंच को दी गई और तीनों महिलाओं को उपचार के लिए सिविल अस्पताल लेकर गए। जहां डॉक्टरों ने तीनों मजदूरों की हालत को गंभीर देखते हुए उन्हें खानपुर पी.जी.आई. रैफर कर दिया।

बापौली गांव में डाडोला रोड पर मनरेगा के तहत तालाब खुदाई का काम चल रहा है। इस दौरान मिट्टी खोदकर ट्राली में डाल रही 3 महिला मजदूर मीनू, सुदेश व बाला अचानक मिट्टी खिसकने से उसके नीचे दब गई। तभी काम कर रहे अन्य मजदूरों ने कड़ी मशक्कत के बाद तीनों महिला मजदूरों को बाहर निकाला और इसकी सूचना प्रशासनिक अधिकारियों, पुलिस व सरपंच को दी तथा उपचार के लिए सिविल अस्पताल ले गए। जहां डॉक्टरों ने तीनों की हालत नाजुक देखते हुए उन्हें पी.जी.आई. खानपुर रैफर कर दिया।

वहीं, अखिल भारतीय खेत मजदूर यूनियन के ब्लाक सचिव ओमपाल व कर्मबीर ने प्रशासन पर साइट पर काम करने वाले मजदूरों को मिलने वाली सुविधाओं के प्रति लापरवाही बरतने का आरोप लगाते हुए बताया कि करीब डेढ़ माह पहले भी एक महिला मजदूर शीला देवी मिट्टी में दब गई थी। जो आज भी अपने पैरों से चल नहीं सकती है, लेकिन अभी तक प्रशासन द्वारा उसका कोई सहयोग नहीं किया गया है। इस संबंध में महिला सरपंच डिम्पल रावल के पति शिवकुमार रावल का कहना है कि अभी तीनों महिला मजदूरों की हालत ठीक है और डरने की कोई बात नहीं है।