महिला ने सड़क किनारे रेहड़ी पर दिया बच्ची को जन्म

8/4/2016 12:39:19 PM

पानीपत: गर्भवती महिलाओं को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं देने का दावा करने और एंबुलैंस व आशा वर्करों के नाम पर करोड़ों रुपए खर्च करने वाले स्वास्थ्य विभाग के दावों की पोल चिलचिलाती धूप में सड़क पर जन्म लेने वाले नवजात बच्ची ने खोलकर रख दी है। रेहड़ी पर सिविल अस्पताल जा रही गर्भवती महिला जब जी.टी. रोड संजय चौक पहुंची तो उसने रेहड़ी पर ही बच्ची को जन्म दे दिया जिसके बाद उसके पति ने उसे अस्पताल पहुंचाया। महिला व बच्ची की हालत स्थिर बताई जा रही है। 


उल्लेखनीय है कि महिलाओं के गर्भवती होने से उनकी डिलीवरी होने तक उन्हें सरकार द्वारा दी जाने वाली सुविधाओं के प्रति जागरूक करने के लिए आशा वर्करों की पूरी फौज तैयार की हुई है लेकिन रेहड़ी पर गर्भवती महिला द्वारा बच्ची को जन्म देने की सनसनीखेज घटना ने आशा वर्करों के कार्यों व उनकी अपने काम के प्रति कत्र्तव्यनिष्ठा की कलई भी खुल गई। चिलचिलाती धूप में बच्ची को जन्म देने की घटना दिनभर शहर में चर्चा की विषय बनी रही। 


जानकारी अनुसार छोटूराम चौक निवासी संजय ने बताया कि उसकी पत्नी पूनम गर्भवती थी। संजय ने बताया कि वह रेहड़ी चलाकर अपने परिवार का गुजर बसर करता है। बुधवार सुबह करीब 10 बजे उसकी पत्नी के पेट में दर्द उठा। वह अपनी पत्नी और 5 बेटियों को रेहड़ी में बैठाकर सिविल अस्पताल की तरफ चल पड़ा। जब वह जी.टी. रोड पर संजय चौक के पास पहुंचा तभी पूनम का दर्द तेज हो गया और उसने रेहड़ी पर ही बच्ची को जन्म दे दिया। उसके बाद उसने अपनी पत्नी को सिविल अस्पताल में दाखिल करवाया।