हैल्थ केयर सैंटर पर छापा, 2 महिलाएं गिरफ्तार

8/19/2018 11:28:28 AM

पानीपत(सौरव): 2 जिलों के स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त गठित टीम द्वारा रामलाल चौक स्थित एक हैल्थ केयर सैंटर पर छापा मारकर लिंग जांच मामले का भंडाफोड़ किया है। टीम द्वारा छापे दौरान सैंटर में हड़कम्प की स्थिति पैदा हो गई। टीम ने योजनाबद्ध तरीके से कैथल से एक गर्भवती महिला को पानीपत में भेजा था। मामले में संयुक्त टीम ने मौके से 2 महिलाओं को काबू कर लिया है। दोनों महिलाओं के खिलाफ कई धाराओं में थाना माडल टाऊन पुलिस ने केस भी दर्ज कर लिया है। डिप्टी सी.एम.ओ. डा. शशि गर्ग ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि कैथल के सी.एम.ओ. एस.के. नैन को गुप्त सूचना मिली कि जिला कैथल की अनीता नामक एक लड़की ज्योति अस्पताल, पानीपत में लिंग जांच का कार्य करवाती है। 

इसके आधार पर डाक्टर्स की एक टीम का गठन किया और पानीपत में स्वास्थ्य विभाग से भी इस बारे में जानकारी दी गई। बताए स्थान पर दबिश देने के लिए दोनों जिलों की संयुक्त टीम का तुरंत गठन किया। गठित टीम में कैथल से डा. गौरव पूनिया को नोडल अधिकारी पी.एन.डी.टी., चिकित्सा अधिकारी डा. प्रदीप नागर, जिला कार्यक्रम प्रबंधक सदस्य नरेंद्र कुमार शामिल किए गए। जबकि पानीपत स्वास्थ्य विभाग की तरफ डिप्टी सी.एम.ओ. शशि गर्ग व डा. सुखदीप कौर, चिकित्सा अधिकारी पी.एच.सी. सिवाह सहित कई अन्य डाक्टरों को भी शामिल किया गया। गठित की गई संयुक्त टीम ने योजनाबद्ध तरीके से एक गर्भवती महिला को पूरी योजना के बारे में विस्तार से समझाया गया। 

जिसके लिए गर्भवती महिला ने अपनी लिखित में सहमति भी दर्ज करवाई और उसी अनुसार गर्भवती महिला को अनीता से संपर्क करने के लिए कहा। जिस पर अनीता ने महिला को अवैध रूप से लिंग जांच करवाने के लिए 30,000 रुपए की बात तय हुई तथा महिला को अनीता ने तय की गई राशि के साथ शनिवार सुबह 10 बजे असंध रोड स्थित ज्योति अस्पताल में आने के लिए कहा। योजना के मुताबिक गुप्त सूचक महिला को लेकर ज्योति अस्पताल में करीब 10 बजे पहुंचे और वहां पर अनीता से मिले। अनीता ने उन्हें ममता से मिलवाया। तय की गई राशि 30,000 रुपए ममता ने ले लिए और उन्हें गाड़ी संख्या एच.आर.06-ए.एच.-2855 में बैठाकर अनंत हैल्थ केयर पर ले जाया गया। 

करीब 2 घंटे इंतजार करने के बाद जब गर्भवती महिला का अल्ट्रासाऊंड नहीं हुआ तो गुप्त सूचक ने कई बार अनीता को फोन किया। करीब 5 बजे के आसपास ममता व अनीता दोनों अनंत हैल्थ केयर सैंटर पहुंचीं। जैसे ही दोनों सैंटर पर पहुंची तो गठित की गई टीम ने इशारा मिलते ही मौके पर दबिश दी और जांच के लिए सैंटर के अंदर ले गए। जांच के दौरान दोनों के मुंह से शराब की बदबू भी आ रही थी। तलाशी दौरान 2000 के 2 नोट, जोकि कैथल की टीम द्वारा दिए गए थे। उनका मिलान करने पर वहीं नोट पाए गए। पकड़ी गई ममता व अनीता से जब पूछताछ की गई तो दोनों एक-दूसरे पर आरोप लगाती रहीं। गठित टीम के अनुसार दोनों ने जांच में किसी तरह का कोई सहयोग भी नहीं किया।

करवाया मेडिकल
ममता व अनीता का मेडिकल भी करवाया गया। हैल्थ केयर सैंटर पर जमा करवाए गए फार्म में 2 पहचान पत्र लगाए गए हैं जिनमें गर्भवती महिला के साथ-साथ एक ममता का भी था। जब अल्ट्रासाऊंड सैंटर ने पानीपत के पहचान पत्र बारे मांगा तो उसके एवज में ममता द्वारा अपना भी पहचान पत्र लगाया गया। जोकि सिद्ध करता है कि ममता की इसमें अहम भूमिका है। पकड़ी गई ममता ने पूछताछ में बताया कि वह इस तरह से पहचान पत्र लगाकर पहले भी कई ऐसे अल्ट्रासाऊंड केस करवा चुकी है, जिसकी पुष्टि अनंत हैल्थ केयर की रिसैप्शनिस्ट द्वारा की गई है। जो मौके पर मौजूद भी थी। मामले में थाना माडल टाऊन पुलिस ने दोनों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है।


 

Rakhi Yadav