बड़ी चूक! महिला की जगह दे दिया 40 साल के पुरुष का शव

8/30/2015 8:56:51 AM

पानीपत (संदीप): सिविल अस्पताल में मृतक के परिजनों द्वारा बड़ी भूल होने का मामला सामने आया है। मृतक के परिजनों के द्वारा दूसरे युवक के शव का पोस्टमार्टम करवा दिया। शव को घर ले जाने के बाद जब शव को नहलाने की प्रक्रिया शुरू हुई तो परिजनों ने उनके बेटे का शव होने से मना कर दिया, बाद में परिजन शव को लेकर दोबारा सिविल अस्पताल पहुंचे। जहां दोबारा परिजनों ने इस बारे में पुलिस को सूचित किया और अपने परिवार के मृतक सदस्य के शव का पोस्टमार्टम करवा ले गए।

इस मामले में कुछ हद तक गलती पुलिस कर्मियों की भी बताई जा रही है क्योंकि पुलिस भी शव का हुलिया तैयार करती है। कागजों में मृतक के कपड़ों से लेकर मृतक का कद तक अंकित होता है। पुलिस ने फिर भी दूसरे युवक का शव परिजनों को सौंपा। वहीं, दूसरा मामला तो काफी हैरान कर देने वाला है, हुआ यूं कि गांव सिवाह की महिला ने उपचार के दौरान नोएडा के अस्पताल में दम तोड़ दिया।

डाक्टरों ने परिजनों को किसी व्यक्ति का शव महिला का बताकर सौंप दिया। दिल्ली आने के बाद एम्बुलैंस चालक के कहने पर जब शव की जांच की गई तो शव किसी 40 वर्षीय व्यक्ति का पाया गया, बाद में महिला के परिजनों ने दोबारा नोएडा जाकर अस्पताल के उच्च डाक्टरों को पत्र लिखा। डाक्टरों ने अपनी गलती मानने की बजाय कहा कि ऐसा हो जाता है। काफी तू-तू मैं-मैं के बाद मृतक महिला के परिजन शव को लेकर गांव सिवाह पहुंचे।

मूल रूप से गांव मच्छरौली का रहने वाला 18 वर्षीय अमित पुत्र सुरेंद्र पिछले कई सालों से पानीपत के  विकास नगर के रह रहा था। अमित निर्माणाधीन मकानों में सरिए के जाल बुनने का काम करता था। बताया जा रहा है कि अमित शुक्रवार की शाम काम से लौट रहा था, उसी वक्त गांव बिंझौल नहर के पास बाइक सवार अमित को तेज रफ्तार कैंटर ने टक्कर मार दी।

हादसे में अमित गंभीर रूप से घायल हो गया। लोगों ने अमित को सिविल अस्पताल पहुंचाया, जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया गया। घटना की सूचना के बाद सिविल अस्पताल में पहुंची पुलिस ने अमित की जेब में मिले कागजातों के आधार पर पुलिस ने अमित के परिजनों को सूचना दी। शनिवार सुबह अमित के परिजन सिविल अस्पताल पहुंचे। जहां परिजनों ने सिविल अस्पताल में रखे शव की पहचान अमित के रूप में की। जिसके बाद पुलिस ने शव का पंचनामा भर शव का पोस्टमार्टम करवाया।

पुलिस ने परिजनों को शव सौंप दिया लेकिन शव सौंपने के एक घंटे के बाद परिजनों ने पुलिस को दोबारा फोन करके दूसरा शव सौंपने की सूचना दी। परिजन दोबारा शव को लेकर सिविल अस्पताल में पहुंचे। जहां पुलिस ने दोबारा शव का पंचनामा भरा। परिजनों ने डाक्टरों और पुलिस के सामने अपनी गलती स्वीकार की। परिजन जिस युवक का शव लेकर गए थे, उस युवक की मौत शनिवार सुबह सैक्टर-25 के सामने सड़क हादसे में हुई थी। फिलहाल युवक के शव की शिनाख्त नहीं हो पाई है।