बेरहमी से दोस्त का कत्ल करके शव 500 मीटर घसीटा, फिर ड्रेन में फेंका

8/30/2015 11:37:03 PM

पानीपत,(संदीप) : दो दोस्तों ने पहले तो शराब पी बाद में गाली गलौच होने पर एक ने दूसरे का बेरहमी से कत्ल कर दिया। आरोपी युवक के शव को करीब 500 मीटर दूर घसीटकर ले गया और ड्रेन में फेंक दिया। सुबह दूसरे साथियों ने खून को देखकर इस बारे में पुलिस में सूचना दी। चांदनी बाग पुलिस ने मौके पर पहुंचकर ड्रेन से शव को निकाला और घटना स्थल का दौरा किया। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है।

सेक्टर 25 में भोर का उदय एक कत्ल की सूचना के साथ हुआ। पार्ट वन में गलियों में शव को घसीटने के खून के निशान दिख रहे थे। राहगीर रूक-रूक कर खून के निशानों को देख रहे थे। सेक्टर 25 पार्ट वन के प्लाट नम्बर 45 में रहने वाले मजदूरों ने सुबह 8 बजे सेक्टर 11-12 पुलिस चौकी में सूचना दी कि एक युवक की हत्या हो गई है। पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने सेक्टर 25 पहुंचकर शव को घसीटने के निशान देखे जोकि फैक्ट्ररी से ड्रेन तक थे। ड्रेन में पुलिस को व्यक्ति के हाथ दिखाई दिए। उसने नाले से बांस की मदद से शव को निकाला। मृतक की पहचान 19 वर्षीय मुन्ना उराव पुत्र डाहरू उराव निवासी हापतबेरा, रांची, झारखड़ के रूप में हुई। मुन्ना पिछले एक सप्ताह से सेक्टर 29 में मजदूरी का काम कर रहा था। वह अपने जीजा लीटा के पास फैक्ट्ररी में ही रहता था। लीटा 15 साल से इसी फैक्ट्ररी में रह रहा है। मजदूरों ने बताया कि फैक्ट्ररी में रात को मुन्ना और विनोद शराब पी रहे थे, दोनों दोस्त थे। उनको शराब पीते हुए छोडक़र वो सोने के लिए चले गए थे। सुबह उन्होंने खून के निशानों को देखा ताे पुलिस में फोन किया। पुलिस ने सिन्हा फैक्टरी के पास से आरोपी विनोद को हिरासत में लिया।