लड़की के जन्म पर परिवार खुशी से झूमा, किया कुआं पूजन

punjabkesari.in Monday, Sep 14, 2015 - 09:37 PM (IST)

मडलौडा, (राजेंद्र) : खंड मडलौडा के गांव उरलाना कलां निवासी अनिल रंगा के घर लड़की के जन्म पर जमकर जश्न मनाया गया। अब तक जहां लड़के के जन्म पर ही कुआं पूजन की रस्म होती थी, लेकिन इस परिवार ने इस रस्म को तोड़ते हुए लड़की को लड़के से बढ़कर दर्जा देते हुए न सिर्फ कुआं पूजन की रस्म निभाई, बल्कि गांव में जश्न मनाते हुए अपनी पूरी रिश्तेदारी, गांव वालों सहित विभिन्न लोगों को भी इस खुशी में शरीक होने का निमंत्रण देते हुए दूसरों के लिए एक मिसाल पेश की। 

अनिल रंगा के निमंत्रण पर परिवहन एवं आवास मंत्री कृष्ण लाल पंवार के भाई रोहताश पंवार भी इस खुशी में शरीक हुए और नन्हीं आराध्या को आशीेर्वाद दिया। रोहताश पंवार ने कहा कि लड़का व लड़की में कोई फर्क नहीं है। जिस प्रकार अनिल ने लड़की के जन्म पर कुआं पूजन करते हुए इस रस्म को बदलने का प्रयास किया है, उसी प्रकार सभी को इस कदम को मजबूत करते हुए लिंग भेद को मिटाने का प्रयास करना चाहिए। 

 
दूसरे भी लें सबक
एक तरफ लड़कियों का कोख में ही कत्ल किया जा रहा है, वहीं दूसरी तरफ अनिल जैसे शख्स भी हैं जो लड़का-लड़की में कोई फर्क नहीं समझते हुए प्रधानमंत्री की योजना बेटी-बचाओ, बेटी पढ़ाओ की मुहिम को मजबूत कर रहे हैं। अनिल रंगा के इस महान कार्य से दूसरों को भी सबक लेना चाहिए और लड़का-लड़की के भेदभाव को मिटाते हुए एक मिसाल कायम करनी चाहिए। 
 

सबसे ज्यादा पढ़े गए

Related News

static