ए.टी.एम. कार्ड बदलकर खाते से उड़ाए 32,000 रुपए, जांच में जुटी पुलिस

2/8/2020 1:01:19 PM

पानीपत (संजीव) : लाल बत्ती चौक स्थित एक ए.टी.एम. केंद्र पर युवक का ए.टी.एम. कार्ड बदलकर 32,000 रुपए निकालने का मामला सामने आया है। गली नम्बर 1 शिव नगर निवासी हृदय वर्मा (35) पुत्र बिपिन बिहारी ने बताया कि उसका लाल बत्ती चौक पर स्थित पी.एन.बी. शाखा में खाता है। वह सुबह करीब साढ़े 10 बजे बैंक के पास बने ए.टी.एम. केंद्र पर पैसे निकलवाने आया था। मशीन में कार्ड डालने के बावजूद जब पैसे नहीं निकले तो वहां मौजूद 2 युवकों ने मदद के बहाने उसका ए.टी.एम. कार्ड बदल लिया।

जब वह घर लौट रहा था तो उसके मोबाइल पर 4 संदेश आए। इनमें खाते से क्रमश: 5 हजार, 10 हजार, 10 हजार व 7 हजार रुपए निकाले जाने का जिक्र था। दोनों युवकों ने उसके साथ धोखाधड़ी करते हुए उसे करीब 32,000 रुपए का चूना लगा दिया है। थाना शहर पुलिस ने भा.दं.सं. की धारा 406, 420 के तहत केस दर्ज करके बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है।

Isha