चुनावी वायदों पर जवाब दे खट्टर सरकार : जयहिंद

10/29/2017 5:05:16 PM

चंडीगढ(पांडेय): खट्टर सरकार के 3 साल, बेमिसाल पर विपक्षी दलों का हमला जारी है। कांग्रेस, इनैलो के बाद अब आम आदमी पार्टी ने खट्टर लाल, हरियाणा बेहाल पर एक डाक्युमैंट्री तैयार की है जिसमें मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर को खलनायक व अन्य मंत्रियों को सहयोगी खलनायक की भूमिका में दिखाया गया है। ‘आप’ के प्रदेशाध्यक्ष नवीन जयहिंद ने चंडीगढ़ में शनिवार को फिल्म ‘खट्टर लाल-हरियाणा बेहाल’ रिलीज की। करीब 15 मिनट की इस फिल्म में आम जनता, किसान, मजदूर की खट्टर सरकार से परेशानी को दिखाया गया है। जयहिंद ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि हरियाणा में हर घर में इस फिल्म को दिखाया जाएगा। 

उन्होंने खट्टर सरकार से चुनावी वायदों पर जवाब मांगते हुए सवाल उठाए कि खट्टर बताएं 3 लाख लोगों को रोजगार कब मिल रहा है। ऐसा कौन-सा विभाग है जहां भ्रष्टाचार नहीं है। शिक्षा मंत्री रामबिलास बताएं कि 3 साल में 700 स्कूल कैसे बंद हुए, मेधावी छात्र-छात्राओं को लैपटाप व छात्र संघ के चुनाव कब करवा रहे हैं। वहीं, ट्विटर मंत्री अनिल विज बताएं कि सरकारी अस्पतालों में इलाज और दवाइयां फ्री कब मिलेंगी और प्राइवेट हास्पिटल की मनमर्जी का राज कब खत्म होगा। कैप्टन अभिमन्यु बताएं कि हरियाणा टोल फ्री कब बनेगा। उन्होंने बताया कि 1 नवम्बर को हरियाणा दिवस के अवसर पर आम आदमी पार्टी द्वारा कुरुक्षेत्र में धर्मयुद्ध सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है। इसमें प्रदेश के सभी 90 विधानसभा क्षेत्रों से बूथ स्तरीय कार्यकर्ता भाग लेंगे।