धमकी से तंग आने पर व्यक्ति ने निगला जहर, मौत

10/12/2017 12:41:43 PM

पानीपत (अजय): मंगलवार शाम को मॉडल टाऊन स्थित कृष्णा नगर निवासी एक व्यक्ति ने कुछ लोगों की धमकियों के दबाव में आकर जहरीला पदार्थ निगल लिया जिस कारण उसकी तबीयत बिगडऩे लगी। परिजन उसकी बिगड़ती हालत देख उसे उपचार के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे जहां चिकित्सकों ने जांच पड़ताल के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक के पास से एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ।

मृतक की पत्नी सोनिया द्वारा दी गई जानकारी अनुसार नवीन शर्मा(43) पुत्र उदय सिंह को नवीन ग्रोवर, नवीन मलिक, भारत शर्मा, सुशील त्यागी, दिलावर मलिक जान से मारने की धमकी देते थे। आरोपित उसके साथ अक्सर गाली गलौच व बदतमीजी भी करते थे। वहीं सुशील त्यागी ने उसके पति की कार भी छीन ली थी। जिससे आहत होकर नवीन ने मंगलवार को जहरीला पदार्थ निगल लिया।

उसकी बिगड़ती हालत देख परिजनों ने उसे उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया, लेकिन तब तक उसकी सांसे थम चुकी थी। नवीन के पास से सुसाइड नोट बरामद हुआ जिसमें आरोपियों के नाम लिखे हुए है। मॉडल टाऊन चौकी पुलिस ने शिकायत व सुसाइड नोट के आधार पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।