सिविल अस्पताल में शुरू होगा डिप्लोमेट ऑफ नैशनल बोर्ड कोर्स, बनेंगे स्पैशलिस्ट

1/20/2019 2:01:11 PM

पानीपत (अनुज): सिविल अस्पताल में जल्द ही डिप्लोमेट ऑफ नैशनल बोर्ड (डी.एन.बी) नाम से कोर्स शुरू होगा। जिससे अब सिविल अस्पताल में ही स्पैशलिस्ट डाक्टर्स तैयार होंगे। इसके लिए प्रदेश सरकार ने सिविल अस्पताल से डाक्टरों की सूची मांगी गई ताकि पता लगाया जा सके प्रदेश के किस अस्पताल में कौन से स्पैशलिस्ट के कोर्स शुरू कराए जा सकते हैं।

बता दें कि जिले के सिविल अस्पताल सहित प्रदेश के सभी सरकारी अस्पतालों में डाक्टरों की कमी बनी हुई है। सिविल अस्पताल में फिलहाल सी.एम.ओ, डिप्टी सी.एम.ओ. और एम.ओ. सहित अन्य सभी पदों को मिलाकर सिर्फ 31 डाक्टर ही कार्य कर रहे हैं। जबकि पोस्ट सैंक्शन 44 की है।

इसके अलावा पूरे जिले में 127 डाक्टरों की पोस्ट सैंक्शन है लेकिन सिर्फ 80 डाक्टर ही इस समय कार्य कर रहे हैं। इस बारे में डिप्टी एम.एस. डा. अमित ने बताया कि प्रदेश के जिस अस्पताल में जिस रोग के स्पैशलिस्ट ज्यादा होंगे, उसी के सिविल अस्पताल में कोर्स शुरू किए जाएंगे।

Deepak Paul