दोस्तों के साथ नहर में नहाने गया किशोर डूबा, नहीं लगा सुराग

7/17/2018 12:12:48 PM

पानीपत(सौरव): दोस्तों के साथ दिल्ली पैरलल नहर में नहाने गया एक बच्चा पैर फिसलने से नहर में डूब गया जिसका 24 घंटे बीत जाने के बाद भी कोई सुराग नहीं मिल पाया है। इस संबंध बच्चे के पिता की सूचना के आधार पर पुलिस ने केस दर्ज कर बच्चे की तलाश शुरू कर दी है। 

मूल रूप से बिहार के गांव नौर नाउर नगर जिला औरंगाबाद निवासी सुदामा रजक ने पुलिस को बताया कि वह आजाद नगर में किराए के मकान पर रहता है। उसका बेटा अंकुश अपने दोस्तों मोनू, राहुल, गौरव, राजा बाबू व घनश्याम के साथ दिल्ली पैरलल नहर पर नहाने गया था। जहां पर जब उसका बेटा पौड़ी पर नहा रहा था तो अचानक उसका पैर फिर गया तथा देखते ही देखते वह नहर में डूब गया। इस संबंध में आठ मरला चौकी पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही थाना माडल टाऊन में केस दर्ज कर पुलिस ने बच्चे की तलाश शुरू कर दी है। 

पुलिस का कहना है कि बार-बार बच्चों को नहर पर नहाने से रोकने के लिए अभियान चलाया जाता है। बावजूद इसके बच्चे व युवा नहर पर नहाने से बाज नहीं आते हैं तथा हादसों का शिकार हो रहे हैं। पुलिस ने बताया कि 3 दिन पूर्व भी ईदगाह कालोनी निवासी 19 वर्षीय युवक अजय बिंझौल नहर के पास नहाते समय डूब गया था जिसका शव बाद रविवार को नारायण गांव के पास मिला है और जिसे पोस्टमार्टम उपरांत वारिसों को सौंप दिया गया है। 

Rakhi Yadav