यमुना का जलस्तर बढऩे से ग्रामीणों में भय

8/19/2019 1:45:30 PM

बापौली: लगातार हो रही बारिश के कारण हथिनीकुंड बैराज से रविवार शाम करीब 6 बजे छोड़े गए 8 लाख, 28 हजार क्यूसिक पानी से लगातार यमुना नदी का जलस्तर बढ़ रहा है और खतरे के निशान को छूने का प्रयास कर रहा है। वहीं प्रशासन ने यमुना नदी से लगते गांवों में हाई अलर्ट जारी कर दिया है।

हथिनीकुंड बैराज से छोड़ा गया पानी अगले 72 घंटे में दिल्ली पहुंचने की आशंका है, जबकि उक्त पानी पानीपत में सोमवार 12 बजे के बाद प्रवेश करेगा, जबकि दूसरी ओर यमुना नदी से लगते गांवों के लोगों ने कहा कि यमुना नदी के अंदर बाढ़ को रोकने के लिए अबकी बार पत्थरों से ठोकरों का निर्माण कार्य कम किया गया है।

पुरानी ठोकरों पर मजबूती के लिए लोहे की तारें नहीं लगाई गई हैं। जिस कारण यमुना नदी में लगातार बढ़ रहे जलस्तर व तेज बहाव से कभी भी ठोकरों पर लगा पत्थर बिना लोहे के जाल के पानी में बह सकता है। जिससे यमुना नदी की तेजधार का रुख यमुना बांध की तरफ  होने से मिट्टी से बना बांध कभी भी पानी में बहने से उनके गांव बाढ़ की चपेट में आ सकते हैं।
 

Isha