खाद्य एवं आपूर्ति विभाग की टीम ने 21 मैडीकल स्टोरों पर मारे छापे, 2 के किए चालान

3/27/2020 2:37:08 PM

पानीपत (राजेश) : कोरोना वायरस के चलते मास्क और सैनिटाइजर को लेकर आवश्यक वस्तु घोषित किए जाने के बाद इसकी कालाबाजारी रोकने के लिए और लोगों को सरकार द्वारा निर्धारित किए रेट से ज्यादा बेचने वालों के खिलाफ वीरवार को खाद्य एवं आपूर्ति विभाग ने 21 मैडीकल स्टोरों पर छापेमारी कार्रवाई की।

विभाग की कार्रवाई से मैडीकल स्टोर संचालकों में हड़कंप की भी स्थिति बनी रही। वहीं पर गुरुद्वारा लोधी पार्क के पास एक मैडीकल स्टोर पर 100 एम.एल. सैनिटाइजर की बोतल 100 रुपए में बेचने पर मैडीकल स्टोर संचालक का चालान किया गया है। वहीं पर सलारगंज गेट के पास 100 एम.एल. सैनिटाइजर की बोतल 70 रुपए में बेचने पर उसका भी चालान किया गया।

डी.एफ.एस.सी. अनीता खर्ब ने बताया कि लॉकडाऊन में मैडीकल स्टोर खोलने की अनुमति दी गई है लेकिन कुछ मैडीकल स्टोर संचालक मास्क और सैनिटाइजर की ज्यादा कीमत वसूल रहे हैं जबकि सरकार के निर्देशानुसार 200 एम.एल. सैनिटाइजर की बोतल का रेट 100 रुपए फिक्स और मास्क का 8 से लेकर 10 रूपए थ्री प्लेयर का निर्धारित हैं। इनसे ज्यादा रेट वसूलने वालों के खिलाफ कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। 
 

Isha