एक्ट बनाकर कच्चे कर्मियों को पक्का करेगी सरकार

7/23/2018 10:10:19 AM

चंडीगढ़(पांडेय): हाईकोर्ट के निर्णय से प्रभावित विभिन्न विभागों के हजारों कर्मचारियों ने अपनी नौकरी की सुरक्षा की मांग को लेकर रविवार को मुख्यमंत्री आवास की ओर कूच किया। पंचकूला के यवनिका पार्क से चले कर्मचारियों को हाऊसिंग बोर्ड चौक पर चंडीगढ़ पुलिस ने रोक लिया गया। इससे गुस्साए कर्मचारियों ने गांधीगिरी दिखाते हुए वहीं धरने पर बैठ गए। 

पुलिस ने सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा के शिष्टमंडल की मुख्यमंत्री के उप प्रधान सचिव मंदीप सिंह बराड़ से मुख्यमंत्री निवास पर मुलाकात करवाई और इसी सिलसिले में शनिवार को प्रधान सचिव से मीटिंग हुई थी। मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव ने आश्वासन दिया कि सरकार प्रभावित कर्मचारियों की नौकरी बचाने के लिए विधानसभा में एक्ट लाएगी। जिसका ड्राफ्ट अध्ययन के लिए सोमवार को सर्व कर्मचारी संघ को दे दिया जाएगा।

सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा के प्रधान धर्मबीर फौगाट, महासचिव सुभाष लाम्बा, उप-प्रधान सबिता, प्रवक्ता इंद्र सिंह बधाना, ऑडिटर सतीश सेठी, सुखदेव सिंह, सचिव राजेंद्र जुलाना आदि के नेतृत्व में हुए प्रदर्शन में कर्मचारियों में अपने भविष्य को लेकर बेचैनी व 50 दिन बीत जाने के बाद भी ठोस कार्रवाई न होने से आक्रोश साफ दिखाई दे रहा था।

Rakhi Yadav