हरियाणा SYL के भरोसे नहीं बैठा: खट्टर

7/29/2016 4:30:36 PM

चंडीगढ़: हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने एक अखबार के इंटरव्यू में SYL मुद्दे पर बोलते हुए कहा कि जिन्हें एस.वाई.एल. के मुद्दे पर राजनीति करनी है, वे करते रहें, लेकिन हरियाणा एस.वाई.एल. के भरोसे नहीं बैठा है। हरियाणा सरकार का फोकस तीन बांधों लखवार, किशारू और रेणुका डैम पर है। उसकी रणनीति यमुना के तटवर्ती जिलों में नई झीलें बनाने की है और पूरी उम्मीद है कि अगले 3 वर्षों में राज्य में 8 महीने पानी की भरपूर सप्लाई पक्की हो जाएगी।

 

उनका कहना है कि एस.वाई.एल. के मुद्दे पर हरियाणा सरकार ने अपना असली मकसद हासिल कर लिया है। उसका लक्ष्य इस मुद्दे को कोर्ट में फिर से जिंदा करना था और यह हो चुका है। अब जो कुछ करना है कोर्ट को करना है। 

 

उन्होंने कहा कि हरियाणा न तो सिंचाई के लिए एस.वाई.एल. का मोहताज है और न ही राजनीति चमकाने के लिए। केंद्र और हरियाणा में भाजपा सरकार आने के बाद एस.वाई.एल. के मुद्दे पर कोर्ट में फिर से सुनवाई शुरू हुई है। उम्मीद है कि न्यायालय हरियाणा के हित में ही फैसला देगा।