भीषण गर्मी में लोगों का घरों से बाहर निकलना हुआ दूभर, पारा 42 के पार

5/9/2017 1:46:37 PM

पानीपत(राजेश):मई के पहले पखवाड़े में भी गर्मी का प्रकोप जारी है जो आगामी दिनों में और अधिक बढ़ने की संभावना है। सूरज आग उगल रहा है। आसमान से बरसती आग में धरती तवे की भांति तप रही है जिस पर विशेषकर दोपहरी में नंगे पैर चलना नामुमकीन-सा हो गया है। दिन का तापमान 42 डिग्री के पार जा पहुंचा है। मई के दूसरे पखवाड़े में तापमान बढ़कर 46 डिग्री के पार पहुंचने की संभावना है। आशंका जताई जा रही है कि गर्मी व तापमान पिछले कुछ वर्षों का रिकार्ड भी तोड़ सकता है। 

मौसम विभाग की मानें तो सोमवार से गर्म हवाओं अर्थात लू का प्रकोप और अधिक बढ़ेगा। वहीं आसमान से बरसने वाली आग से अधिकतम तापमान बढ़कर 46 डिग्री सैल्सियस के पार पहुंच जाएगा। वहीं गर्मी के प्रचंड रूप ने पशु-पक्षियों सहित लोगों की सेहत भी बिगाड़ दी है। दुधारू पशुओं का दूध सूखता अर्थात कम होता जा रहा है। पक्षी भी प्रचंड गर्मी में अपने घोंसलों में दुबक कर बैठने को मजबूर हैं। सुबह-शाम के समय ही पक्षियों का झुंड आसमान में उड़ता दिखाई देता है। वहीं भीषण गर्मी में लोगों का घरों से बाहर निकलना दूभर हो गया है। दोपहर के समय दुकानदार भी खाली हाथ बैठने को मजबूर बने हुए हैं। हालांकि मौसम विभाग फिलहाल बारिश आदि की संभावना से इंकार कर रहा है।

जूस व ठंडे पेय पदार्थों का लिया जा रहा सहारा
गर्मी के प्रचंड रूप को देखते हुए और गर्मी के प्रभाव से बचने के लिए लोगों द्वारा जूस व ठंडे पेय पदार्थों का सहारा लिया जा रहा है। इससे जूस व ठंडे पेय पदार्थ विक्रेताओं की खूब चांदी बनी हुई है। वहीं गर्मी के प्रभाव को देखते हुए खीरा, ककड़ी आदि ठंडी तासीर की वस्तुओं की मांग बढ़ी है। जगह-जगह जूस व ठंडे पेय पदार्थ की दुकानों व रेहड़ियों पर लोगों की भीड़ देखी जा सकती है। 

बाजार में भी छाया मंदा, दुकानदार मजबूर
गर्मी की विभीषिका को देखते हुए बाजार में भी मंदा छाया हुआ है। ग्राहकों का खरीदारी के लिए दुकानों की ओर जाना काफी कम हुआ है जिससे दुकानदार बेबस बने हुए हैं। कुछ दुकानदार तो दिनभर ग्राहकों की इंतजार में ही बैठे रहते हैं हालांकि सुबह व शाम के समय दुकानों व बाजार में उपभोक्ता वर्ग की अच्छी चहल-पहल रहती है।

अगले सप्ताह का संभावित तापमान
तिथिअधि. तापमान     न्यूनतम ताप.

10 मई    42.8            27.6
11 मई    43.6            29.2
12 मई    42.2            28.7
13 मई    41.8            28.6
14 मई    42.3            30.4
15 मई    42.5            31.2
16 मई    46.2            31.0

मौसम विशेषज्ञ श्याम सिंह ने कहा कि सोमवार को अधिकतम तापमान 42.2 डिग्री और न्यूनतम तापमान 27.5 डिग्री सैल्सियस दर्ज किया गया। वहीं गर्म हवाओं की गति भी 8 किलोमीटर प्रति घंटा दर्ज की गई। 2 या 3 दिन बाद तापमान बढ़कर 45 या 46 डिग्री के पार पहुंचने की संभावना है तो पिछले रिकार्ड तोड़ सकती है।