स्मॉग मुद्दे पर राजनीति कर रहे हैं केजरीवाल: गोयल

11/15/2017 11:01:17 AM

चंडीगढ़(बंसल):हरियाणा के पर्यावरण मंत्री विपुल गोयल का कहना है कि दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल स्मॉग के मुद्दे पर राजनीति कर रहे हैं। नैशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल के आदेशों को मानते हुए राज्य की भाजपा सरकार इस समस्या से निपटने के प्रति गंभीर है। पराली जलाने वाले किसानों पर कार्रवाई की जा रही है। साथ ही, उन्हें पराली न जलाए जाने के प्रति जागरूक भी किया जा रहा है, लेकिन दिल्ली की ‘आप’ सरकार की ओर से आज तक इस तरह के कोई कदम नहीं उठाए गए। उन्होंने कहा कि पराली जलाने से बढ़ रहे वायु प्रदूषण को रोकने के लिए राज्य का पर्यावरण प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड लगातार सख्ती बरत रहा है।

सोमवार तक पर्यावरण विभाग ने प्रदेशभर के 1586 किसानों के खिलाफ फसलों के अवशेष जलाने जाने के मामले में कार्रवाई की। इनमें से 244 किसानों पर पुलिस केस दर्ज करवाया गया है और 695 किसानों से 18 लाख 65 हजार रुपए का जुर्माना वसूला गया है। आंकड़ों के अनुसार जानकारी देते हुए गोयल ने कहा कि 12 नवम्बर तक 1493 किसानों पर कार्रवाई की गई थी। वहीं अकेले सोमवार (13 नवम्बर) को 93 किसानों पर शिकंजा कसा गया। 

पर्यावरण मंत्री के अनुसार, फतेहाबाद में 369 किसानों पर पराली जलाने के मामले में कार्रवाई की गई और इनमें से 21 किसानों से 55 हजार रुपए जुर्माना वसूला गया। इसी तरह से हिसार में 79, जींद में 54, कैथल में 138, करनाल में 357, कुरुक्षेत्र में 184, पंचकूला में 6, पानीपत में 40, सिरसा में 301 और कुरुक्षेत्र में 184 किसानों के खिलाफ कार्रवाई की गई है। अभी तक किसानों से जुर्माने के तौर पर 18 लाख 65 हजार रुपए की वसूली की गई है।