विवाहिता ने ससुराल के पांच लोगों पर लगाया दहेज प्रताड़ना का आरोप, केस दर्ज

10/8/2019 1:20:34 PM

पानीपत (अनुज) : महिला ने ससुराल पक्ष के 5 लोगों पर दहेज की मांग को लेकर उसके साथ मारपीट करते हुए घर से निकालने का आरोप लगाकर पुलिस को शिकायत दी है। महिला थाना पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज करते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।क्षेत्र की एक कालोनी वासी 32 वर्षीय महिला ने पुलिस को बताया कि उसकी शादी मार्च 2016 को पानीपत के ही एक कालोनी वासी एक युवक के साथ हुई थी।

शादी के कुछ दिन बाद से ही उसके पति, सास, ससुर, चाचा ससुर व दादा ससुर पर उसे दहेज के लिए तंग करना शुरू कर दिया। दहेज की मांग पूरी न होने पर आरोपी उसे शारीरिक व मानसिक तौर पर प्रताडि़त करने लगे। जिसका विरोध करने पर आरोपियों द्वारा उसके साथ मारपीट की जाती थी और बाद में उसे अपने घर से निकाल दिया। इस बारे में जांच अधिकारी ए.एस.आई. सुशीला ने बताया कि महिला की शिकायत पर पांचों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज जांच शुरू कर दी है।

महिला ने दहेज व छेड़छाड़ का लगाया आरोप
क्षेत्र की एक महिला ने 4 लोगों पर दहेज की मांग को लेकर उसके साथ मारपीट करने व उसके साथ छेड़छाड़ करने का आरोप लगा पुलिस को शिकायत दी है। 34 वर्षीय महिला ने जानकारी देते हुए बताया कि अप्रैल 2017 में उसकी शादी शामली यू.पी. में हुई थी। शादी के कुछ महीनों से ही उसका पति, सांस, ससुर, जेठ, देवर उसे दहेज के लिए प्रताडि़त करना शुरू कर दिया और दहेज की मांग पूरी ना करने पर जान से मारने की धमकी दी।

वहीं उसका देवर उसके साथ अश्लील हरकते कर छेड़छाड़ करता था। जिसके बाद उसने महिला थाना में चारों के खिलाफ मामला दर्ज करवाया है। इस बारे में जांच अधिकारी ए.एस.आई. पूनम ने बताया कि महिला की शिकायत के आधार पर चारों आरोपियों के खिलाफ धारा 498ए, 323, 506, 406, 34 आई.पी.सी. के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Isha