नगर निगम के कैबिनों में चूहों ने मचाया उत्पात

7/11/2018 1:15:07 PM

पानीपत(आशु): पालिका बाजार पार्किंग में नगर निगम की ओर से तैयार किए कैबिनों में चूहों ने उत्पात मचाया हुआ है। चूहों ने कैबिनों के नीचे की जमीन को खोखला कर दिया है। इस कारण कैबिनों सहित बाहर की सीढिय़ों में बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं। इससे आधार कार्ड बनवाने आए लोगों को तो परेशानियों का सामना करना पड़ ही रहा है, वहीं कर्मचारियों को भी भारी दिक्कतों से गुजरना पड़ रहा है, क्योंकि कर्मचारियों द्वारा जिन कार्डों को तैयार करके रात को कार्यालय में छोड़ दिया जाता है, वह तैयार कार्ड सुबह कर्मचारियों को वापस तो मिलते है, लेकिन टुकड़ों में। जिन्हें पहचानना मुश्किल हो जाता है।

ज्ञात रहे कि नगर निगम द्वारा तकरीबन 2 साल पहले पालिका बाजार स्थित पार्किंग में 3 कैबिनों का निर्माण करवाया था, ताकि नगर निगम की जन्म-मृत्यु प्रमाणपत्रों ब्रांच की पॢचयों को वहीं काटा जा सके और बुजुर्गों को सीढिय़ां चढ़कर विभाग में ऊपर न जाना पड़े। इन कैबिनों को कुछ समय तक तो ऐसे ही चलाया गया, लेकिन कुछ समय के पश्चात जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र ब्रांच को देवीलाल काम्प्लैक्स स्थित नगर निगम कार्यालय में शिफ्ट कर दिया गया। कैबिन काफी समय तक तो बंद रहे, लेकिन उसके पश्चात कैबिनों में आधार कार्ड बनाने के कार्य को शुरू कर दिया गया।

बूथ संचालक भी परेशान
पार्किंग में नगर निगम द्वारा खाद्य सामग्री सामान बेचने के लिए एक बूथ तैयार कर किराए पर दिया गया था। बूथ संचालक का कहना है कि जी.टी. रोड पर कैबिनों के पीछे लगाई जाने वाली कढी-चावल की रेहड़ी संचालकों द्वारा ग्राहकों के बचे हुए सामान को कैबिनों के पीछे डाल दिया जाता है। जिस कारण ये स्थिति उत्पन्न हुई है। रात को सामान को लोहे के बक्सों में बंद करके जाना पड़ रहा है, क्योंकि रात में चूहे कुछ भी चीज को छोड़ते नहीं है।

 

 

 
 


 

Rakhi Yadav