होली के दिन 2 युवकों को घोंपी तलवार

3/23/2019 1:41:13 PM

समालखा (राकेश): पावटी में होली के दिन पुरानी रंजिश के चलते 2 युवकों को तलवार घोंप दी। दोनों घायलों को उपचार के लिए सरकारी अस्पताल ले जाया गया। जहां एक ने रास्ते में दम तोड़ दिया, जबकि दूसरे युवक को उपचार के लिए पी.जी.आई. रोहतक रैफर किया गया। जिसकी हालत गंभीर बनी हुई है। घटना को लेकर शुक्रवार को दोपहर के समय पानीपत के सरकारी अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम करवाने के बाद गांव पहुंचने पर गुस्साए लोगों ने हाईवे पर शव रखकर जाम लगा दिया। 

जाम लगने पर वाहनों की कतारें लगनी शुरू हो गई। सूचना पाकर मौके  पर पहुंचे थाना प्रभारी व डी.एस.पी. को परिजनों व लोगों ने आरोपियों की जल्द से जल्द गिरफ्तारी की मांग की। जिस पर थाना प्रभारी व डी.एस.पी. द्वारा आश्वासन के बाद ही जी.टी. रोड सामान्य करवाया। गांव पावटी वासी रिंकू ने पुलिस को बताया कि उसका छोटा भाई रवि दिल्ली में शिक्षा ग्रहण कर रहा था और होली पर घर आया हुआ था। होली की शाम गांव में डीजे पर युवा नाच रहे थे। रवि भी डीजे देखने चला गया।

इसी दौरान गांव के ही 4 लोगों ने हमला करते हुए उसके भाई को तलवार घोंप दी। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे बचाने के लिए मौके पर पहुंचा युवक अनिल भी गंभीर रूप से घायल हो गया। जिन्हें उपचार के लिए सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टर ने गंभीर हालत के चलते पानीपत रैफर कर दिया। रास्ते में रवि ने दम तोड़ दिया। वहीं घायल अनिल को उपचार के लिए पी.जी.आई. रैफर किया गया। जिसकी हालत गंभीर बनी हुई है। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने निरीक्षण करने के बाद पांच के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

kamal