दादूपुर-नलवी नहर मामले में ओछी राजनीति कर रहा विपक्ष : खट्टर

10/3/2017 12:42:35 PM

पानीपत (अनिल कुमार): दादूपुर-नलवी नहर मामले में विपक्ष राजनीति के सिवाय कुछ नहीं कर रहा, एक प्रश्नावली बनाकर विपक्ष से जवाब मांगा जाएगा। 1985 से अब तक नहर में पानी नहीं डाल पाए तो फिर किस बात के दावे किए जा रहे हैं। जो लोग पहले सत्ता में थे उनके समय 26 रजबाहे व नाले बंद किए जा चुके थे। हमें तो 3 साल ही हुए हैं। यह बात हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने यहां जनता दरबार के बाद पत्रकारों से कही। हरियाणा पुलिस ने हनीप्रीत मामले में ढील बरतने के आरोप के सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि पुलिस सही काम कर रही है व 1-2 दिन में इसमें सफलता मिलने की संभावना है। एस.वाई.एल. मामले में मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा के हक में फैसला हो चुका है।

हम पानी लेकर रहेंगे। अधिकारियों की मनमर्जी व कार्यकर्ताआें द्वारा सुनवाई न होने की शिकायतों पर उन्होंने कहा कि ऐसा कुछ नहीं है जो अधिकारी सही काम नहीं करेगा, उन्हें छुट्टी पर भेजा जा रहा है। एक लेबर इंस्पैक्टर को आज भी सही काम न करने तथा विभाग की पूरी जानकारी न होने पर 7 दिन की छुट्टी पर घर बैठा दिया।  उन्होंने कहा कि जनता की शिकायतें सुनकर उनका समाधान किया जा रहा है।  सभी शिकायत सी.एम. विंडो में नहीं दी जाती, यदि अधिकारी सुनवाई नहीं करते व समस्या का समाधान नहीं होता तो सी.एम. विंडो में शिकायत डालें। आज के दरबार में 70 शिकायतें आई थी, जिनमें से अधिकतर का समाधान कर दिया गया है। इससे पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने किला मैदान स्थित महात्मा गांधी की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित किए व सब्जी मंडी में सफाई अभियान की शुरूआत की। वहीं देर शाम अधिकारियों की बैठक लेकर जिला मीडिया सैंटर का भी उद्घाटन किया। इस मौके पर परिवहन मंत्री कृष्ण लाल पंवार, विधायक रवींद्र मछरौली, विधायक महिपाल ढांडा, जिला प्रधान प्रमोद विज, डी.सी. डा. चंद्रशेखर खरे व एस.पी. राहुल शर्मा आदि मौजूद थे।