बेलगाम खच्चर रेहड़ी ने ली व्यक्ति की जान

10/9/2016 4:40:07 PM

पानीपत (पाटिल): काबड़ी रोड पर बेलगाम हुई खच्चर रेहड़ी ने सड़क पर चल रहे कई लोगों को अपनी चपेट में ले लिया। इस हादसे में जहां एक व्यक्ति की मौत हो गई वहीं, करीब 3 लोगों को चोटें आई हैं जिनमें से एक की गंभीर हालत को देखते हुए रोहतक रैफर कर दिया।  घटना के बारे में पुलिस को सूचित कर दिया था। मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थिति का जायजा लेते हुए शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। 

जानकारी अनुसार गांव काबड़ी निवासी इंद्र सिंह (67) पुत्र हरिराम की ईदगाह कालोनी में बिजली की दुकान है। वह रोजाना की तरह शनिवार सुबह तैयार होकर बाइक पर दुकान पर जाने के लिए निकला था। जब वह काबड़ी रोड पर पहुंचा तो तभी सामने से बेलगाम खच्चर रेहड़ी मौत बनकर उसकी तरफ आ रही थी। उसने बचने का भी प्रयास किया लेकिन नहीं बच पाया। रेहड़ी का सामने का बम उसकी छाती पर लगा जिससे वह बाइक से गिर पड़ा और गंभीर रूप से घायल हो गया। बेलगाम रेहड़ी यहीं नहीं रुकी बल्कि कई अन्य को भी अपनी चपेट में लिया।

 

इस हादसे में इंद्र सिंह की गंभीर हालत को देखते हुए उसे सिविल अस्पताल ले जाया गया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। प्रत्यक्षदॢशयों ने बताया कि खच्चर रेहड़ी के घोड़े को भी चोट लगी हुई थीं। वह बिना मालिक के ही बेलगाम होकर रेहड़ी सहित दौड़ रहा था जिससे यह हादसा हुआ। इस घटना में 3 अन्य को भी चोटें आई हैं जिनमें एक की गंभीर हालत को देखते हुए उसे रोहतक पी.जी.आई. रैफर कर दिया।